दिल्ली में बच्चों के गायब होने की खबर को पुलिस ने बताया अफवाह, अफवाहबाजों पर FIR की चेतावनी

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी में लापता लड़कियों की संख्या बढ़ने को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही खबरों को दिल्ली पुलिस ने पूरी तरह सिरे से खारिज कर दिया है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि यह डर किसी असल खतरे की वजह से नहीं, बल्कि ‘पेड प्रमोशन’ के जरिए फैलाया जा रहा है। यानी कुछ लोग पैसे लेकर दिल्ली की जनता के बीच दहशत पैदा कर रहे हैं।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त और दिल्ली पुलिस के पीआरओ संजय त्यागी ने बताया कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने आंकड़े पेश करते हुए कहा, पिछले सालों के मुकाबले जनवरी 2026 में लापता होने वाले लोगों की रिपोर्टिंग में बढ़ोतरी नहीं, बल्कि कमी दर्ज की गई है। जांच में यह पूरी तरह साफ हो गया है कि बच्चों के गायब होने या अपहरण के पीछे किसी भी संगठित गिरोह (Organized Gang) का हाथ नहीं है।

संजय त्यागी ने कहा कि दिल्ली पुलिस अपराधों की रिपोर्टिंग को लेकर बहुत पारदर्शी है। अगर कोई भी लापता होता है, तो उसकी रिपोर्ट दर्ज करना बहुत आसान है। स्थानीय थानों के अलावा ऑनलाइन माध्यम से भी शिकायत दी जा सकती है। इमरजेंसी नंबर ERSS 112 के जरिए तुरंत मदद मांगी जा सकती है। लापता बच्चों के मामलों को पुलिस हमेशा विशेष प्राथमिकता पर रखती है और उन्हें ढूंढने का तुरंत प्रयास करती है।

दिल्ली पुलिस ने जनता से अनुरोध किया है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी भ्रामक वीडियो या मैसेज पर यकीन न करें। पुलिस ने कड़े लहजे में चेतावनी दी है कि पैसे के लिए डर फैलाने वाले और अफवाह उड़ाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: U19 World Cup Final 2026: खिताबी भिड़ंत में भारत बनाम इंग्लैंड, इन खिलाड़ियों पर रहेगी खास नजर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.