तुर्कमान गेट हिंसा: 30 उपद्रवियों की पहचान, सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को समन भेजने की तैयारी में दिल्ली पुलिस
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली के तुर्कमान गेट स्थित फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास हुए बवाल के मामले में दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और बॉडी कैमरों की मदद से हिंसा में शामिल 30 लोगों की पहचान कर ली है। इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समाजवादी पार्टी के सांसद मोहिबुल्लाह नदवी को जल्द ही जांच में शामिल होने के लिए समन भेजा जाएगा। आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा बार-बार अनुरोध किए जाने के बावजूद सांसद घटनास्थल के आसपास ही डटे रहे। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या उनकी मौजूदगी से भीड़ उत्तेजित हुई।
समाचार एजेंसी के पास मौजूद एफआईआर की कॉपी के अनुसार, घटनाक्रम कुछ इस प्रकार रहा। पुलिस बार-बार लाउडस्पीकर से बता रही थी कि यह अभियान केवल अवैध निर्माण के खिलाफ है और मस्जिद को कोई नुकसान नहीं पहुँचाया जाएगा। दोपहर करीब 12:40 बजे जैसे ही बैरिकेडिंग शुरू हुई, 30-35 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और भड़काऊ नारे लगाने लगी। इलाके में धारा 163 (पुरानी धारा 144 जैसी) लागू होने के बावजूद भीड़ नहीं हटी। अचानक भीड़ ने पुलिस पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। उपद्रवियों ने पुलिस का लाउडस्पीकर छीनकर तोड़ दिया और बैरिकेड्स को नुकसान पहुँचाया।
पुलिसकर्मी हुए घायल
इस अचानक हुए हमले में एसएचओ (SHO) समेत कई पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल मंगाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया और अवैध निर्माण गिराने की कार्रवाई पूरी की गई।
पकड़े गए पांचों आरोपी चांदनी महल इलाके के रहने वाले हैं। उनके नाम मोहम्मद शाहनवाज, मोहम्मद आरिब, मोहम्मद कासिफ, मोहम्मद अदनान और मोहम्मद कैफ है।
Also Read: टिकट चाहिए तो जमा करें 50 हजार, प्रियंका गांधी खुद करेंगी उम्मीदवारों की छंटनी

