दिल्ली पुलिस का बड़ा एक्शन: 49 लाख रुपये ठगने वाले 6 जालसाज लखनऊ से दबोचे गए
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने साइबर ठगी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए लखनऊ से 6 जालसाजों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह ने दिल्ली की एक बुजुर्ग महिला को ‘डिजिटल अरेस्ट’ करने का झांसा देकर उससे ₹49 लाख की बड़ी रकम ठग ली थी।
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम शनिवार को 71 वर्षीय महिला की शिकायत की जांच के लिए लखनऊ पहुंची थी। जालसाजों ने ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करके महिला को लगभग 24 घंटे तक प्रवर्तन अधिकारी (Enforcement Officer) बनकर डराया-धमकाया।
धमकी के बाद महिला से कई बैंक खातों में 49 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। आरोपियों ने इस रकम को तुरंत अन्य खातों में भेजकर एटीएम के माध्यम से पूरा पैसा निकाल लिया।
गिरफ्तारी और पहचान
डीसीपी आदित्य गौतम, एसीपी अनिल शर्मा और इंस्पेक्टर सुभाष चंद्र सहित दिल्ली पुलिस की टीम ने लखनऊ के अमीनाबाद, हसनगंज, मदेयगंज और कैंट जैसे विभिन्न इलाकों में छापे मारे।
- विशाल तिवारी
- शकील अहमद
- मोहम्मद ओवैस
- मोहम्मद अहद
- मोहम्मद आतिफ
- मोहम्मद उजैब
दिल्ली पुलिस सभी आरोपियों को अपने साथ ले गई है। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास का पता लगा रही है। बताया गया है कि ये आरोपी स्थानीय दुकानों और होटलों आदि में काम करते थे। स्थानीय पुलिस अधिकारियों ने इस संबंध में कोई भी जानकारी होने से इनकार किया है।
Also Read: बिहार: बेतिया में भीषण हादसा, तेज रफ्तार कार ने बारातियों को रौंदा; 4 की मौत, कई घायल

