तुर्कमान गेट पर बुलडोजर एक्शन के बाद बवाल, देर रात हुई पत्थरबाजी, पुलिस ने 10 को हिरासत में लिया

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी दिल्ली का तुर्कमान गेट इलाका बुधवार सुबह छावनी में तब्दील नजर आया। एमसीडी (MCD) द्वारा अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के विरोध में देर रात कुछ असामाजिक तत्वों ने पथराव कर दिया। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर करीब 10 लोगों को हिरासत में लिया है।

हाईकोर्ट के आदेश पर हुई कार्रवाई

डीसीपी निधिन वालसन ने बताया कि फैज-ए-इलाही मस्जिद के पास चल रहा यह अभियान दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश के बाद शुरू किया गया था। पुलिस ने स्थानीय लोगों को कोर्ट के आदेश दिखाए, जिसके बाद शुरुआत में अधिकांश लोग वहां से चले गए थे। लेकिन अचानक कुछ लोगों ने वापस लौटकर पत्थरबाजी शुरू कर दी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और जवानों के बॉडी कैमरों की रिकॉर्डिंग के जरिए पथराव करने वालों की शिनाख्त कर रही है।

डिप्टी कमिश्नर विवेक अग्रवाल ने बताया कि डिमोलिशन (ध्वस्तीकरण) का लगभग 85% काम पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा, एक छोटा सा हिस्सा अभी बाकी है, जिसे जल्द ही गिरा दिया जाएगा। मौके पर भारी मात्रा में मलबा जमा होने के कारण मशीनों को वहां तक पहुंचने में दिक्कत हो रही थी, जिसे अब हटाया जा रहा है।

कार्रवाई के बीच एक स्थानीय दुकानदार का बयान चर्चा का विषय बना हुआ है। वहां नारियल बेचने वाले एक शख्स ने प्रशासन का समर्थन करते हुए कहा, सरकार जो कर रही है, सही कर रही है। यहाँ दरगाह के नाम पर शादियों से 20-25 हजार रुपये की वसूली की जाती थी। यह पैसा न तो मस्जिद में जाता था और न ही मदरसे या आश्रम में। सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए कि आखिर यह पैसा किसकी जेब में जा रहा था।

Also Read: जेल में पूर्व IPS अमिताभ ठाकुर की तबीयत बिगड़ी, देवरिया से गोरखपुर रेफर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.