दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव: ABVP की जोरदार वापसी, अध्यक्ष पद पर आर्यन मान ने मारी बाजी
Sandesh Wahak Digital Desk: दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनावों में इस बार अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने शानदार वापसी की है। मतगणना पूरी होने के बाद अध्यक्ष पद पर ABVP के आर्यन मान ने 16 हजार से अधिक वोटों से जीत दर्ज की। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर NSUI के राहुल झांसला ने जीत हासिल की। सचिव पद पर ABVP के कुणाल चौधरी और संयुक्त सचिव पद पर दीपिका झा विजयी रही हैं।
चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को हुआ था और मतगणना सुबह 8:30 बजे शुरू हुई थी। शुरू से ही ABVP बढ़त बनाए हुए थी। इस चुनाव में मुख्य मुकाबला ABVP और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के बीच था।

NSUI ने लगाया EVM से छेड़छाड़ का आरोप
चुनाव नतीजों को लेकर NSUI ने ABVP पर EVM से छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। NSUI ने कहा है कि वे चुनाव परिणाम आने के बाद कोर्ट का रुख करेंगे। चुनाव के लिए वोटिंग दो चरणों में कराई गई थी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने डीयू कैंपस में 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया था और ड्रोन से भी निगरानी रखी गई थी।
कम रहा मतदान प्रतिशत
इस चुनाव में चार प्रमुख पदों अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव के लिए कुल 21 उम्मीदवार मैदान में थे। हालांकि, इस बार वोटिंग प्रतिशत काफी कम रहा, जो सिर्फ 39.45% दर्ज किया गया।
आपको बता दें कि पिछले साल के चुनाव में कांग्रेस की छात्र इकाई NSUI ने सात साल बाद अध्यक्ष पद पर कब्जा किया था। तब NSUI के रौनक खत्री ने ABVP के ऋषभ चौधरी को हराया था। इस साल के परिणाम से साफ है कि ABVP ने एक बार फिर से अपनी ताकत दिखा दी है।
Also Read: नवरात्रि-दशहरा से पहले दुरुस्त होंगी बलरामपुर की सड़कें, नगर पालिका ने शुरू की तैयारी

