रायबरेली में राजधानी एक्सप्रेस के ठहराव की उठी मांग, राहुल गांधी ने लिखा रेल मंत्री को पत्र

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर डिब्रूगढ़–नई दिल्ली राजधानी एक्सप्रेस का रायबरेली जंक्शन पर ठहराव किए जाने की मांग उठाई है। यह पत्र 3 सितंबर को लिखा गया था। गौरतलब है कि यह ट्रेन रायबरेली से होकर गुजरती तो है, लेकिन यहां उसका स्टॉपेज नहीं है।

यात्रियों की सुविधा का मुद्दा

राहुल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि उनके संसदीय क्षेत्र के लोग लंबे समय से राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव रायबरेली में किए जाने की मांग कर रहे हैं। खासतौर पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए यह सुविधा बेहद जरूरी है। उन्होंने बताया कि ट्रेन संख्या 20503/20504 और 20505/20506 का रायबरेली जंक्शन पर रुकना लोगों की यात्रा को कहीं अधिक आसान और सुविधाजनक बना देगा।

राहुल गांधी के करीबी सहयोगी और अमेठी से सांसद किशोरी लाल शर्मा ने भी इस मांग की पुष्टि की है।

उन्होंने कहा कि पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा रेल मंत्री को पत्र लिखना इस बात का संकेत है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और उम्मीद है कि सरकार जल्द ही इस पर सकारात्मक निर्णय लेगी।

हालिया दौरे में उठाए विकास के मुद्दे

इससे पहले रायबरेली दौरे के दौरान राहुल गांधी लालगंज स्थित रेल कोच फैक्ट्री पहुंचे थे। वहां उन्होंने महाप्रबंधक और अधिकारियों के साथ फैक्ट्री की प्रगति की समीक्षा की और निरीक्षण भी किया। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट स्थित बचत भवन में ‘दिशा’ बैठक में हिस्सा लिया, जहां 78 विभागों के अफसर मौजूद थे। बैठक में उन्होंने केंद्र की विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति पर चर्चा की।

राहुल गांधी का कहना है कि रायबरेली जैसे बड़े जंक्शन पर राजधानी एक्सप्रेस का ठहराव होना यहां के लोगों की लंबे समय से लंबित जरूरत को पूरा करेगा।

Also Read: बिहार के भागलपुर में दिव्यांग नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.