Lucknow News: अल-फलाह यूनिवर्सिटी को ध्वस्त कर गुरुकुल बनाने की मांग, विश्व हिंदू रक्षा परिषद ने किया प्रदर्शन
Lucknow News: दिल्ली में हुए हालिया आतंकी ब्लास्ट की जाँच में अल-फलाह यूनिवर्सिटी से जुड़े व्यक्तियों के नाम सामने आने के बाद, इस संस्थान पर अब इसे ध्वस्त करने की मांग उठने लगी है। विश्व हिंदू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने एक बड़ा बयान देते हुए कहा है कि इस विश्वविद्यालय को बुलडोजर से गिराकर, इसकी जगह पांडव वेद विद्यापीठ गुरुकुल की स्थापना की जानी चाहिए। राय ने कहा कि इस गुरुकुल में युवाओं को पुराणों और वेदों की शिक्षा दी जाए, ताकि वे भारतीय ज्ञान परंपरा से जुड़ सकें।
पांडवों की पवित्र भूमि पर था आतंक का ठिकाना
गोपाल राय ने तर्क दिया कि यह क्षेत्र पौराणिक और ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, और यहाँ आतंकी गतिविधियों में लिप्त किसी संस्थान का होना चिंताजनक है। उन्होंने बताया कि जिस क्षेत्र में यह विश्वविद्यालय स्थित है, वहीं महाभारत काल में माता कुंती और पाँचों पांडवों ने अपने अज्ञातवास का समय बिताया था। इसके निकट परसोन गाँव में ऋषि पराशर का प्राचीन आश्रम भी स्थित है, जहाँ उनके पुत्र वेद व्यास ने 18 महापुराणों की रचना की थी।
राय ने कहा कि जब यह पवित्र भूमि पांडवों से जुड़ी हुई है, तो यहाँ की भूमि को पुनः व्यवस्थित कर एक ऐसा वैदिक गुरुकुल स्थापित किया जाए, जिसमें पुराण, वेद, ऋचाएँ, उपनिषद और भारतीय ज्ञान परंपरा की शिक्षा दी जा सके।

इस्लामिक आतंकवाद के ठिकानों को खत्म करना जरूरी
गोपाल राय ने विश्वभर में बढ़ते इस्लामिक आतंकवाद को एक बड़ी चिंता का विषय बताया। इस्लामिक आतंकवाद से पूरा विश्व त्रस्त है। जब तक ऐसे ठिकानों को जड़ से समाप्त नहीं किया जाएगा, तब तक शांति असंभव है। उन्होंने कहा कि दिल्ली ब्लास्ट की जाँच में इस संस्थान से लखनऊ के भी लोगों का नाम सामने आना, अल-फलाह यूनिवर्सिटी की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
इस मौके पर कुलदीप मिश्रा, प्रकाश आर्या, सचिन मिश्रा, ओम शंकर गुप्ता, पंकज अग्रवाल, हिमांशु अवस्थी, हिमांशु धवल, सागर भारद्वाज, अतुल शर्मा, मुदित तिवारी, सुमित शर्मा, बॉबी गुप्ता, राममूर्ति, रामकुमार वर्मा, मनीष राय, सोफी शर्मा सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
Also Read: मशहूर सिंगर हरमन सिद्धू की सड़क हादसे में मौत, पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री को लगा झटका

