‘मिल्कीपुर में लोकतंत्र की लूट हो रही है’, मतदान के बीच अवधेश प्रसाद ने लगाए गंभीर आरोप
Sandesh Wahak Digital Desk: मिल्कीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान जारी है। इसी बीच समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अवधेश प्रसाद ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इस उपचुनाव में अपनी जमानत भी नहीं बचा पाएगी।
सपा सांसद ने कहा कि यह चुनाव मिल्कीपुर की जनता और योगी सरकार के बीच का है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जनता पर भरोसा नहीं है, इसलिए वे प्रशासनिक अधिकारियों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश कर रहे हैं। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि भाजपा के ये सभी हथकंडे नाकाम साबित होंगे।
ईवीएम खराबी और फर्जी मतदान के आरोप
सपा सांसद ने मतदान के दौरान कई गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम खराब हुई, सपा के बूथ एजेंटों को जबरन बाहर कर दिया गया और कई जगहों पर फर्जी मतदान कराया गया।
सांसद अवधेश प्रसाद ने बूथ नंबर 412 पर तैनात एसडीएम पर सपा कार्यकर्ताओं को धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एसडीएम ने कार्यकर्ताओं से कहा कि “यहां से भाग जाओ, नहीं तो जिस तरह तुम्हारा सांसद रो रहा था, चुनाव बाद तुम्हें भी रोना पड़ेगा।”
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले एक दलित युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद अवधेश प्रसाद भावुक हो गए थे। इस दौरान उनका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इस मामले पर अब तक भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। वहीं, प्रशासन ने निष्पक्ष चुनाव कराने का दावा किया है।
Also Read: Milkipur Bypoll 2025: कड़ी सुरक्षा के बीच वोटिंग जारी, इन प्रत्याशियों की साख दांव पर

