बिहार में विपक्षी एकता का प्रदर्शन: राहुल-तेजस्वी के साथ आज मेगा रोड शो करेंगे अखिलेश यादव
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले विपक्षी एकता को मजबूत करने के उद्देश्य से समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के तेजस्वी यादव आज (शनिवार) एक संयुक्त मेगा रोड शो करेंगे। यह रोड शो आरा से शुरू होकर सिवान तक चलेगा, जो बिहार की जनता को एकजुटता का संदेश देगा।
‘वोट अधिकार यात्रा’ में शामिल होंगे अखिलेश
अखिलेश यादव, जो विशेष रूप से इस रोड शो में शामिल होने के लिए बिहार दौरे पर हैं, ने पटना पहुंचने पर कहा कि वह ‘वोट अधिकार यात्रा’ का समर्थन करने आए हैं। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार बिहार से जो आवाज आ रही है, वह यह है कि भाजपा को बिहार से बाहर होना पड़ेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने संविधान के अधिकारों का हनन किया है और चुनाव आयोग अब भाजपा सरकार का “जुगाड़ आयोग” बन गया है।
‘वोट अधिकार यात्रा’ का 14वां दिन
राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ का आज 14वां दिन है। शुक्रवार की देर रात यह यात्रा छपरा से सिवान पहुंची थी, जहां रात्रि विश्राम के बाद आज सुबह 8 बजे यह एकमा से शुरू होकर छपरा और फिर भोजपुर होते हुए आरा पहुंचेगी, जहां से संयुक्त रोड शो की शुरुआत होगी।
यह रोड शो बिहार की राजनीति में एक महत्वपूर्ण घटना मानी जा रही है, क्योंकि यह विपक्षी दलों की एकजुटता और मतदाताओं को एक मजबूत विकल्प देने की कोशिश का संकेत है।
Also Read: CM योगी के रोजगार महाकुंभ पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- युवाओं को धोखा दे रही सरकार

