Deoria News: ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा का मोबाइल हैक, साइबर ठगों ने ‘SDM’ बनकर ऐंठे 40 हजार रुपये

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में साइबर अपराध का एक बड़ा और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां तैनात ज्वाइंट मजिस्ट्रेट और उपजिलाधिकारी (SDM) सदर श्रुति शर्मा का मोबाइल हैक कर अपराधियों ने उनके ही एक जानने वाले को चूना लगा दिया। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात जालसाजों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मदद के नाम पर मांगी रकम

घटना के अनुसार, साइबर अपराधियों ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट का मोबाइल हैक करने के बाद उनके एक परिचित से संपर्क किया। जालसाज ने खुद को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बताते हुए मैसेज किया— “मैं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट बोल रही हूं, मुझे ₹40,000 की सख्त जरूरत है। आप अभी दे दीजिए, मैं कुछ समय बाद वापस कर दूंगी।” अधिकारी का नाम और पद देखकर परिचित व्यक्ति झांसे में आ गया और उसने बिना सोचे-समझे बताए गए खाते में ₹40,000 ट्रांसफर कर दिए।

अधिकारी भी रह गईं हैरान

जब इस लेन-देन की जानकारी खुद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्रुति शर्मा को हुई, तो वह दंग रह गईं। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना सीओ सिटी और अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) उत्तरी आनंद कुमार पांडेय को दी। प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई इस ठगी ने पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा दिया है।

नोएडा से जुड़े हैं ठगी के तार?

साइबर थाना पुलिस और एसओजी की टीमें अब इस मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि जिस मोबाइल नंबर से पैसों की डिमांड की गई थी, उसकी लोकेशन नोएडा के आसपास मिल रही है। पुलिस उस बैंक खाते और मोबाइल नंबर की डिटेल खंगाल रही है, जिसके जरिए यह पूरी ठगी की गई।

Also Read: ‘ख्वाब पीएम का था, सीएम की कुर्सी भी गई’, चाचा नीतीश पर जमकर बरसीं रोहिणी आचार्य

Get real time updates directly on you device, subscribe now.