Deoria News: जमीन विवाद में अंधाधुंध फायरिंग, दहशत में ग्रामीण, पुलिस पर लगा लापरवाही का आरोप
Deoria News: जिले के ग्राम सभा बाकी (फुलवरिया टोला) में शनिवार को जमीन के टुकड़े को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलियों की गूंज तक जा पहुँचा। दबंगों ने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि ग्रामीणों में आतंक पैदा करने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग भी की। इस घटना के बाद से गांव के लोग खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
पीड़ित वीरेंद्र यादव के मुताबिक, उन्होंने करीब दो साल पहले एक जमीन की कानूनी रूप से रजिस्ट्री कराई थी और उस पर बाउंड्री वॉल (पक्की दीवार) भी खड़ी कर दी थी। शनिवार को अशोक पांडेय और विनोद पांडेय अपने परिवार के साथ हथियारों से लैस होकर वहां पहुंचे और जबरन दीवार गिराने लगे। वीरेंद्र ने जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तुरंत 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को बुलाया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस मौके पर आई तो जरूर, लेकिन बिना किसी ठोस कार्रवाई के कुछ ही देर में वापस लौट गई। पुलिस के जाते ही आरोपियों के हौसले बढ़ गए। करीब एक घंटे बाद वे दोबारा रायफल लेकर आए और कथित तौर पर अंधाधुंध गोलियां चलानी शुरू कर दीं। अचानक हुई इस फायरिंग से गांव में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए अपने घरों में छिप गए।

