Deoria News: स्कूल में प्रबंधक की कुल्हाड़ी काट कर नृशंस हत्या, गांव में दहशत का माहौल
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। फत्तेपुर गांव में डीडीएन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक धनंजय पाल (55) की शुक्रवार रात बेरहमी से कुल्हाड़ी से गर्दन काटकर हत्या कर दी गई। आरोपी वारदात के बाद कुल्हाड़ी को पास की झाड़ियों में फेंककर फरार हो गया।
घटना का खुलासा शनिवार सुबह उस वक्त हुआ जब कुछ ग्रामीण मॉर्निंग वॉक पर निकले और स्कूल परिसर में खून से सना शव देखा। तुरंत ही उन्होंने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची रुद्रपुर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
स्कूल के बरामदे में होती थी उनकी रात
धनंजय पाल हर रोज की तरह शुक्रवार शाम घर पर भोजन करने के बाद करीब 7 बजे स्कूल लौट गए थे। उनका घर स्कूल से महज 500 मीटर दूर रामनगर टोला में है। वे अक्सर स्कूल के बरामदे में ही चौकी पर सोते थे। शनिवार सुबह 6 बजे जब गांव के कुछ लोग मॉर्निंग वॉक पर निकले और धनंजय पाल को रोज की तरह बाहर न देखकर आवाज लगाई, तो कोई जवाब नहीं मिला। जब वे स्कूल के अंदर पहुंचे, तो बरामदे में चौकी पर उनका खून से लथपथ शव पड़ा मिला।
हत्या सुनियोजित, कुल्हाड़ी बरामद
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है। जांच टीम को घटनास्थल से 100 मीटर दूर झाड़ियों में खून से सनी कुल्हाड़ी भी मिली है, जिसे वारदात में इस्तेमाल किया गया। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर पहुंचकर फुटप्रिंट, खून के धब्बे और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल स्कूल परिसर को सील कर दिया गया है और जांच जारी है।
बता दें कि फत्तेपुर गांव में एक साल पहले पांच लोगों की गोली मारकर हत्या की वारदात भी हो चुकी है, जिससे गांव में पहले से ही तनाव का माहौल है।
क्या बोले पुलिस अधिकारी?
एएसपी उत्तरी अरविंद कुमार वर्मा ने बताया, “प्रारंभिक जांच में रंजिश की आशंका सामने आई है। हत्यारा पूरी योजना के साथ आया था और उसने बेहद क्रूर तरीके से वारदात को अंजाम दिया है। सभी पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
Also Read: लखनऊ में RTE नियमों की अनदेखी पर स्कूलों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश

