Deoria News: पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश मंटू यादव गिरफ्तार, फायरिंग में पैर में लगी गोली

Deoria News: यूपी पुलिस का अपराधियों के खिलाफ ऑपरेशन क्लीन लगातार जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार तड़के देवरिया पुलिस और एक शातिर अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश मंटू यादव पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अपराध नियंत्रण अभियान के तहत सुरौली और मदनपुर थाने की पुलिस पकड़ी बाजार इलाके में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से खबर मिली कि एक बाइक सवार बदमाश सुकईपुरा से ठाकुरदेवा पुल की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने दो टीमें बनाकर घेराबंदी कर दी।

तड़के जब एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा, तो पुलिस ने टॉर्च जलाकर उसे रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाश घबरा गया और बाइक मोड़कर भागने की कोशिश करने लगा। हड़बड़ाहट में उसकी मोटरसाइकिल फिसल गई और वह गिर पड़ा। खुद को घिरा देख बदमाश ने अपनी बाइक वहीं छोड़ी और पैदल भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में हुआ हाफ एनकाउंटर

पुलिस ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली बदमाश के बाएं पैर में घुटने के नीचे लगी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया। घायल बदमाश की पहचान मंटू यादव के रूप में हुई है, जो मदनपुर इलाके का ही रहने वाला है।

आजमगढ़ पुलिस को भी थी तलाश

मंटू यादव एक शातिर अपराधी है और उस पर आजमगढ़ पुलिस ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। फिलहाल उसे इलाज के लिए महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ वह पुलिस की निगरानी में है।

Also Read: BMC चुनाव परिणाम: मुंबई में पहली आधिकारिक जीत कांग्रेस के नाम, पर रुझानों में भाजपा-शिवसेना गठबंधन का दबदबा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.