Lucknow News: व्यापारियों का अपहरण कर फिरौती मांगने की साजिश कर रहे गिरोह का पर्दाफाश, मुठभेड़ में तीन गिरफ्तार

Lucknow News: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने देवरिया जिले में एक बड़ा धावा बोलते हुए एक खतरनाक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह जिले के बड़े व्यापारियों का अपहरण कर करोड़ों रुपये की फिरौती मांगने की साजिश रच रहा था। मुठभेड़ के बाद एसटीएफ ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनसे ढेर सारा अवैध हथियार बरामद किया है।

एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली थी कि देवरिया और आस-पास के जिलों में एक गिरोह सक्रिय है, जो किसी धनी व्यापारी को फिरौती के लिए अगवा करने की फिराक में है। सूचना के मुताबिक, यह गिरोह सलेमपुर थाना क्षेत्र के पड़री तिवारी गांव के दो व्यापारियों को निशाना बनाने वाला था।

तत्काल कार्रवाई करते हुए, एसटीएफ की टीम ने गत रात देवरिया के सलेमपुर थाना क्षेत्र में महदहां मोड़ के पास एक चौकी लगाई। रात करीब 12:30 बजे जब संदिग्ध गिरोह एक बुलेट मोटरसाइकिल और एक स्विफ्ट डिज़ायर कार में वहां से गुजरा, तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की।

रोके जाने पर अपराधियों ने पुलिस टीम पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी अपनी जान बचाते हुए गोलीबारी की, जिसमें एक आरोपी हिमांशु उर्फ गोविंद यादव घायल हो गया। बाकी दो आरोपियों मंजीत यादव और नितेश यादव को पुलिस ने मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार में सवार अन्य आरोपी वहां से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।

Deoria STF Encounter

बरामदगी और योजना का खुलासा

गिरफ्तार आरोपियों से 2 अवैध पिस्टल, 2 देशी तमंचे, 9 जिंदा कारतूस, 2 खोखा कारतूस, 1 बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनका लक्ष्य व्यापारी राजकमल तिवारी (जिनके पास सफेद डिफेंडर गाड़ी है) और अन्नपूर्णा होटल के मालिक अरविंद उर्फ चुन्न तिवारी का अपहरण करना था। वे अपहरण के बाद पीड़ित को नेपाल ले जाकर छिपाने और 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग करने की योजना बना रहे थे। फिरौती की रकम क्रिप्टो करेंसी में लेने का भी प्लान था।

आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड

गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी हिमांशु यादव एक बड़ा अपराधी साबित हुआ है। उसके खिलाफ पहले से ही हत्या, डकैती और गैंगस्टर एक्ट समेत दर्जन भर मामले देवरिया, गाजीपुर, कुशीनगर और मऊ जिलों में दर्ज हैं। अन्य दोनों आरोपियों के खिलाफ भी हथियारों के मामले दर्ज हैं। इस पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई सलेमपुर थाना पुलिस द्वारा आगे बढ़ाई जाएगी। फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी जारी है। एसटीएफ की यह कार्रवाई एक बड़ी आपराधिक साजिश को टाइम रहते विफल करने में कामयाब रही है।

Also Read: अब WhatsApp कॉल मिस होने पर सीधे भेज सकेंगे वॉइस और वीडियो मैसेज

Get real time updates directly on you device, subscribe now.