चिनहट CHC में गंदगी देख भड़के डिप्टी सीएम, बोले- जब तक सफाई न हो जाए, अधिकारी घर नहीं जाएंगे
Lucknow News: डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक सोमवार को अपने चिर-परिचित अंदाज में नजर आए। चिनहट सीएचसी की बदहाली की शिकायतों के बीच वे बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल जा पहुँचे। उन्होंने न केवल अधिकारियों को फटकार लगाई, बल्कि सफाई एजेंसी का एक हफ्ते का भुगतान काटने के भी निर्देश दिए।
आम आदमी की तरह कतार में लगे डिप्टी सीएम
निरीक्षण की शुरुआत बेहद फिल्मी रही। डिप्टी सीएम चेहरे पर मास्क लगाकर चुपचाप पर्चा काउंटर पर आम मरीजों के बीच कतार में खड़े हो गए। वहां उन्होंने मरीजों से बात की और अस्पताल की हकीकत जानी। इसके बाद वे पैथोलॉजी विभाग पहुँचे, जहाँ लंबी लाइन देख उन्होंने टेक्नीशियनों को जांच प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए ताकि मरीजों को घंटों इंतजार न करना पड़े।

वार्डों में मिली गंदगी और बिना चादर के बेड
अस्पताल के भीतर की स्थिति देखकर डिप्टी सीएम काफी नाराज दिखे। जनरल वार्ड में कई बेड पर चादरें तक नहीं थीं। इस पर उन्होंने कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। पीने के पानी वाली जगह पर गंदगी और शौचालयों की बदहाली देख उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं से कोई समझौता नहीं होगा। अस्पताल में धूल और गंदगी मिलने पर उन्होंने सफाई एजेंसी का एक सप्ताह का भुगतान रोकने और जिम्मेदारों को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।

आशा बहुओं की सुनी समस्या, CMO को लगाई क्लास
निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीएम ने सभागार में प्रशिक्षण ले रही आशा कार्यकर्ताओं से भी संवाद किया। जब आशाओं ने खराब मोबाइल फोन और बकाया मानदेय की शिकायत की, तो डिप्टी सीएम ने तुरंत CMO डॉ. एनबी सिंह को फोन लगाया। उन्होंने निर्देश दिया कि या तो मोबाइल ठीक कराएं या नए दें, साथ ही उनका भुगतान तत्काल किया जाए। उन्होंने CMO को खुद मौके पर पहुँचकर समस्याओं का निस्तारण करने को कहा।
दवा काउंटर पर भारी भीड़ देख उन्होंने सीएचसी अधीक्षक को सख्त लहजे में कहा कि ऐसी व्यवस्था बनाएं कि मरीज को 5 मिनट के भीतर दवा मिल जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि वे अस्पताल में ही रुकें और जब तक सब कुछ ठीक न हो जाए, वहां से न हिलें।

