Lucknow: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने जरूरतमंदों को बांटे कंबल, बोले- कोई भी गरीब ठिठुरने को मजबूर न हो
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश सरकार ने बढ़ती ठंड को देखते हुए पूरे प्रदेश में राहत अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में लखनऊ के रामजीलाल वार्ड (समर विहार कॉलोनी) में आयोजित एक विशेष समारोह में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने जरूरतमंदों को कंबल वितरित किए। इस दौरान उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि समाज का कोई भी व्यक्ति कड़ाके की ठंड के कारण परेशान न हो।
“आदर्श वार्ड में सेवा करना गर्व की बात”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बृजेश पाठक ने कहा कि वह मंडल स्तर पर लगातार कंबल वितरण कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम द्वारा ‘आदर्श वार्ड’ घोषित रामजीलाल सरदार पटेल नगर वार्ड में आकर उन्हें विशेष गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने समर विहार कॉलोनी के सामाजिक सौहार्द की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे स्थान पर सेवा का अवसर मिलना सौभाग्य की बात है।
डिप्टी सीएम ने बताया कि सरकार केवल कंबल ही नहीं बांट रही, बल्कि हर शहर में रैन बसेरों का निर्माण और अलाव की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। उनका स्पष्ट निर्देश है कि प्रशासन मुस्तैदी से काम करे ताकि हर जरूरतमंद तक सरकारी मदद समय पर पहुंचे।
300 से ज्यादा लोगों को मिली राहत
वरिष्ठ समाजसेवी और पूर्व सभासद गिरीश मिश्रा ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से वार्ड के 300 से अधिक पात्र लोगों को कंबल दिए गए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि क्षेत्र में कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित नहीं रहेगा और मदद का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
प्रमुख हस्तियों की रही मौजूदगी
कंबल वितरण के इस मानवीय कार्य में नगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, पूर्व एमएलसी अरविंद त्रिपाठी (गुडडू), पूर्व मेयर संयुक्ता भाटिया, सभासद संध्या मिश्रा, डॉ. पुष्पा श्रीवास्तव और समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष केएस ऐबट सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने सरकार की इस पहल को सराहा और इसे गरीबों के लिए बड़ी राहत बताया।
Also Read: Lucknow: KGMU के फरार डॉ. रमीज नायक पर पुलिस का बड़ा एक्शन, शुरू हुई प्रॉपर्टी कुर्की की प्रक्रिया

