Mahoba News: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक, डॉक्टरों की कमी पर बोले– दोबारा आऊंगा समीक्षा करने
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक आज छतरपुर (मध्य प्रदेश) स्थित प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के लिए रवाना हुए। रास्ते में महोबा जिले से गुजरते समय उन्होंने कानपुर-सागर हाईवे स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस पर रुककर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
अचानक पहुंचे डिप्टी सीएम, कई कार्यकर्ता रह गए पीछे
बृजेश पाठक के आने का समय सुबह 11 बजे तय था, लेकिन वे करीब आधा घंटा पहले ही महोबा पहुंच गए। समय में इस बदलाव के कारण कई कार्यकर्ता उनसे मिलने से चूक गए। हालांकि, सदर विधायक राकेश गोस्वामी के नेतृत्व में समर्थकों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। विधायक ने स्पष्ट किया कि यह कोई आधिकारिक दौरा नहीं था, बल्कि दर्शन के लिए जाते समय एक शिष्टाचार भेंट थी।
अस्पताल में डॉक्टरों की कमी का उठा मुद्दा
स्वागत समारोह के दौरान सदर विधायक राकेश गोस्वामी ने जिले की सबसे बड़ी समस्या यानी ‘स्वास्थ्य सेवाओं’ की बदहाली का मुद्दा उठाया। उन्होंने डिप्टी सीएम को बताया कि जिला अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी है और संसाधनों की सख्त जरूरत है। बुंदेलखंड के इस पिछड़े इलाके में बेहतर इलाज के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की मांग प्रमुखता से रखी गई।
डिप्टी सीएम का आश्वासन: जल्द होगी विशेषज्ञों की तैनाती
स्वास्थ्य मंत्री ने विधायक और जनता की मांगों को ध्यान से सुना और भरोसा दिलाया कि सरकार महोबा के विकास के लिए पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि स्थानीय मांग पर ही यहां 200 बेड का अस्पताल और ट्रॉमा सेंटर मंजूर किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही फिजिशियन और अन्य विशेषज्ञ डॉक्टरों की कमी को दूर किया जाएगा। बृजेश पाठक ने वादा किया कि वे बहुत जल्द एक विशेष सरकारी दौरे पर महोबा आएंगे ताकि जिले के विकास कार्यों की जमीनी स्तर पर समीक्षा कर सकें।
Also Read: Lucknow News: सीएम योगी की मां पर अभद्र टिप्पणी से फूटा गुस्सा, मौलाना का पुतला फूंककर जताया विरोध

