डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का कुशीनगर आगमन आज, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
तमकुहीराज, फाजिलनगर, जिला मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रमों में रहेंगे मौजूद
पडरौना, कुशीनगर। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को कुशीनगर दौरे पर हैं। जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा घेरे में डिप्टी सीएम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित विविध कार्यक्रम में प्रतिभाग करेंगे। भ्रमण के दृष्टिगत जिला प्रशासन कानून व्यवस्था, शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर आवश्यक निर्देश दे दिये गये हैं।
उप मुख्यमंत्री के आगमन एवं प्रस्थान के दौरान एयरपोर्ट, फ्लीट मूवमेंट एवं विभिन्न कार्यक्रम स्थलों पर मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। एयरपोर्ट की बाहरी सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश द्वार तथा फ्लीट के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उप जिला मजिस्ट्रेट कसया संतराज एवं डिप्टी कलेक्टर मो० जफर को जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये अधिकारी एयरपोर्ट पर आगमन से लेकर प्रस्थान तक पुलिस बल से समन्वय स्थापित करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे।
केशव प्रसाद मौर्य के आगमन से पहले सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
उप मुख्यमंत्री के फ्लीट के साथ रहकर उन्हें लैंडिंग स्थल से कार्यक्रम स्थल बीबीके एजुकेशनल एकेडमी, तमकुहीराज, ग्राम चौपाल मैदान, कुशीनगर, इसके उपरान्त पावानगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर तथा विकास भवन, रविन्द्र नगर तक सुरक्षित पहुंचाने एवं कार्यक्रम समाप्ति के बाद पुनः लैंडिंग स्थल तक ले जाने की जिम्मेदारी भी संबंधित मजिस्ट्रेटों को सौंपी गई है।
कार्यक्रम स्थल बीबीके एजुकेशनल एकेडमी, तमकुहीराज, ग्राम चौपाल मैदान पर उप जिला मजिस्ट्रेट तमकुहीराज आकांक्षा मिश्रा, पावानगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर पर अपर जिला मजिस्ट्रेट (न्यायिक) प्रेम कुमार राय तथा विकास भवन, रविन्द्र नगर पर उप जिला मजिस्ट्रेट पडरौना ऋषभ पुण्डीर को कानून व्यवस्था एवं शांति व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
प्रशासन सतर्क
सभी नामित अधिकारी अपने-अपने कार्यस्थलों का पूर्व निरीक्षण करेंगे। ड्यूटी प्वाइंट पर निर्धारित समय से कम से कम दो घंटे पूर्व पहुंचकर पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस बल से समन्वय स्थापित करेंगे। किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर तत्काल व्यवस्था पूर्ण कराई जाएगी।
सम्पूर्ण क्षेत्र में शांति व्यवस्था के लिए अपर जिला मजिस्ट्रेट वैभव मिश्र को नोडल अधिकारी नामित किया गया है, जबकि सम्पूर्ण भ्रमण कार्यक्रम के लिए मुख्य विकास अधिकारी वन्दिता श्रीवास्तव को नोडल/प्रभारी अधिकारी बनाया गया है।
जिला प्रशासन ने उप मुख्यमंत्री के भ्रमण को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए हैं।
डिप्टी सीएम कुशीनगर भ्रमण कार्यक्रम के अंतर्गत 07 फरवरी को विभिन्न शैक्षणिक, सामाजिक, संगठनात्मक एवं प्रशासनिक कार्यक्रमों में प्रतिभाग करेंगे। डिप्टी सीएम कार्यक्रम अंतर्गत जनपद स्तरीय प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
डिप्टी सीएम के कार्यक्रम का विवरण
1- बीबीके एजुकेशनल एकेडमी, तमकुहीराज के उद्घाटन कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
2-ग्राम चौपाल में शामिल होकर विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित करेंगे।
3 – पावानगर महावीर इंटर कॉलेज, फाजिलनगर में ग्राम चौपाल एवं स्वयं सहायता समूह कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे।
4- भाजपा कार्यालय, कुशीनगर की कोर कमेटी, पार्टी पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे।
5 – विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय समस्त विभाग के प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
6-जनपद की विकासशील एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
रिपोर्ट: राघवेंद्र मल्ल
Also Read: यूपी पुलिस महकमे में फिर बड़ी हलचल, 5 सीनियर IPS अफसरों के तबादले, देखिए लिस्ट

