सिद्धार्थनगर भाजपा कार्यालय में विकास कार्यशाला आयोजित, 5 जून से शुरू होगा एक पेड़ मां के नाम अभियान
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जनपद स्थित भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय पर एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यशाला का विषय बारह साल विकास के विश्वास एवं जनकल्याण रखा गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा उपस्थित रहे।
5 से 21 जून तक चलेगा भाजपा का विशेष संगठन अभियान
कार्यशाला के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मौर्या ने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा करते हुए बताया कि आगामी 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) से लेकर 21 जून (अंतरराष्ट्रीय योग दिवस) तक पार्टी द्वारा पूरे जनपद में एक विशेष अभियान चलाया जाएगा।
एक पेड़ मां के नाम: इस अभियान की शुरुआत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए एक पेड़ मां के नाम कार्यक्रम से होगी। इसके अंतर्गत भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी माता के सम्मान में एक पौधा रोपेगा और उसकी देखरेख का संकल्प लेकर समाज को पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा।

जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाएंगे कार्यकर्ता
कार्यशाला में मौजूद मुख्य अतिथि और जिला प्रभारी हरिचरण कुशवाहा ने उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री और विधायक राजा जयप्रताप सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व में भारत आज वैश्विक पटल पर निरंतर विकास और आत्मनिर्भरता की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। विधायक श्यामधनी राही ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कहा कि भाजपा के लिए जनसेवा ही सबसे बड़ी प्राथमिकता है और कार्यकर्ताओं को जनता की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर रहना चाहिए।

आगामी कार्यक्रमों के लिए सौंपी गईं जिम्मेदारियां
इस संगठनात्मक बैठक में आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई और मंडल से लेकर बूथ स्तर तक के पदाधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम का सफल संचालन फूलचंद जायसवाल द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मनोज मौर्या, कन्हैया पासवान, साधना चौधरी, शिवनाथ चौधरी, रामकुमार कुंवर, विजयकांत चतुर्वेदी, आशीष शुक्ला, फतेहबहादुर सिंह, कुंवर विक्रम सिंह, दिलीप चतुर्वेदी, अजय उपाध्याय, सच्चिदानंद चौबे, सिद्धार्थ शंकर पाठक, घनश्याम मिश्रा, रमेश मणि, प्रभात तिवारी, अर्चिषमान मिश्रा सहित भारी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और जमीनी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: अफवाहों में न आएं, जरूरत अनुसार ही खरीदें डीजल: डीएम

