Lucknow: नवनियुक्त सिपाहियों से मिले DGP राजीव कृष्णा, कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन का लिया जायज़ा

Sandesh Wahak Digital Desk: लखनऊ के कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन में इन दिनों खासा हलचल है। हाल ही में यूपी पुलिस में नियुक्त हुए नए सिपाही अब ट्रेनिंग के लिए पहुंचने लगे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्णा खुद पुलिस लाइन पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

DGP ने मौके पर मौजूद कई अंडर ट्रेनी सिपाहियों से बातचीत की और जाना कि वे पुलिस सेवा में क्यों आए हैं। उन्होंने नवनियुक्त आरक्षियों का उत्साह बढ़ाया और ट्रेनिंग के दौरान अनुशासन व समर्पण की भावना बनाए रखने की सलाह दी।

231 नए आरक्षियों ने शुरू की ट्रेनिंग

कल्ली पश्चिम पुलिस लाइन में अब तक 231 नवनियुक्त आरक्षी जॉइनिंग ट्रेनिंग कोर्स (JTC) के लिए पहुंच चुके हैं। इनमें 187 पुरुष और 18 महिला सिपाही शामिल हैं। यूपी पुलिस में हाल ही में 60,244 आरक्षियों की भर्ती की गई है, और अनुमान है कि आने वाले दिनों में करीब 1,000 और सिपाही इस ट्रेनिंग सेंटर पर पहुंचेंगे। इन सभी की ट्रेनिंग 15 जून से शुरू हुई है, जब उन्हें नियुक्ति पत्र सौंपे गए थे।

उच्च अधिकारियों की टीम रही साथ

DGP राजीव कृष्णा के साथ इस निरीक्षण के दौरान कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। इनमें IG कल्याण भवन, लखनऊ पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सेंगर, जॉइंट पुलिस कमिश्नर (क्राइम) अमित वर्मा, DCP मुख्यालय, DCP साउथ, ADCP और ACP गोसाईंगंज शामिल थे।

ट्रेनिंग व्यवस्था का निरीक्षण

DGP ने पुलिस लाइन की ट्रेनिंग, आवास, भोजन और अनुशासन व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ट्रेनिंग के दौरान सिपाहियों को बेहतर सुविधाएं मिलें ताकि वे भविष्य में एक कुशल और जिम्मेदार पुलिसकर्मी बन सकें।

युवाओं में दिखा जोश

DGP से मुलाकात कर नवनियुक्त सिपाही बेहद उत्साहित नजर आए। पुलिस सेवा में आने का जुनून और जनता की सेवा का जज़्बा इन युवाओं के चेहरे पर साफ देखा जा सकता था। उत्तर प्रदेश पुलिस के इस नए बैच से प्रशासन को काफी उम्मीदें हैं, और इस ट्रेनिंग के ज़रिए उन्हें बेहतर पुलिसकर्मी के रूप में तैयार किया जा रहा है।

Also Read: राहुल गांधी के जन्मदिन पर लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में जश्न, केक काटकर दी गई शुभकामनाएं

Get real time updates directly on you device, subscribe now.