प्रोटोकॉल तोड़कर रात 9 बजे राष्ट्रपति से मिले थे धनखड़, इस्तीफे को लेकर बड़ा खुलासा

Sandesh Wahak Digital Desk: भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी है। हालांकि उन्होंने स्वास्थ्य कारणों का हवाला दिया था, लेकिन अब इस इस्तीफे से जुड़ा एक बड़ा खुलासा हुआ है।

सूत्रों के मुताबिक, सोमवार (21 जुलाई) को धनखड़ देर रात करीब 9 बजे सख्त प्रोटोकॉल को तोड़ते हुए राष्ट्रपति भवन पहुंचे थे। उनका यह अप्रत्याशित दौरा सरकारी गलियारों में चर्चा का विषय बन गया। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को तुरंत इसकी जानकारी दी गई और आनन-फानन में एक बैठक हुई, जिसमें धनखड़ ने अपना इस्तीफा सौंप दिया। रात 9:25 बजे उपराष्ट्रपति कार्यालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसकी आधिकारिक घोषणा भी कर दी।

इस्तीफे के बाद की हलचल

धनखड़ के इस्तीफे के तुरंत बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके आवास पर मुलाकात की। बताया जा रहा है कि इस 30 मिनट की बैठक में जस्टिस यशवंत वर्मा के खिलाफ लाए गए महाभियोग प्रस्ताव पर चर्चा हुई। गौर करने वाली बात यह है कि महाभियोग का यह प्रस्ताव 21 जुलाई को ही दोनों सदनों में पेश किया गया था, जिसके बाद धनखड़ ने इस्तीफा दे दिया।

राज्यसभा और विपक्ष का आक्रामक रुख

उपराष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद आज पहली बार उपसभापति हरिवंश की अध्यक्षता में राज्यसभा की कार्य मंत्रणा समिति (BAC) की बैठक होगी। 21 जुलाई को हुई पिछली BAC बैठक में संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और सदन के नेता जेपी नड्डा जैसे प्रमुख सदस्य अनुपस्थित थे, जिसकी वजह से भी कई सवाल उठ रहे हैं। इन सभी घटनाक्रमों के बीच, विपक्ष संसद के अंदर बेहद आक्रामक नज़र आ रहा है। वह बिहार मतदाता सूची संशोधन, पहलगाम आतंकी हमले, और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे कई मुद्दों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से जवाब की मांग कर रहा है।

Also Read: ADB ने भारत के GDP ग्रोथ का अनुमान घटाकर 6.5% किया, जाने क्या है कारण

Get real time updates directly on you device, subscribe now.