Bareilly News: बीजेपी से नाराज पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के बदले सुर, सोशल मीडिया पर लिखा टाटा बाय-बाय

Bareilly News: आंवला संसदीय क्षेत्र से दो बार भारतीय जनता पार्टी के सांसद रहे वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र कश्यप ने पार्टी नेतृत्व के प्रति अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए दूरी बना ली है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर टाटा बाय-बाय की पोस्ट साझा की है और अपने आवास से भाजपा का झंडा भी हटा दिया है। हालांकि, बुधवार सुबह तक उनकी गाड़ी पर पार्टी का झंडा लगा नजर आया। कश्यप के इस कदम की राजनीतिक गलियारों में जमकर चर्चा हो रही है। इस बीच, कश्यप ने स्पष्ट किया है कि वे जल्द ही अपने समर्थकों के साथ बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

राज्यसभा प्रत्याशियों के नाम घोषित होते ही उभरा असंतोष

बरेली मंडल से दो नेताओं को राज्यसभा भेजे जाने के बीजेपी के फैसले के बाद ही धर्मेंद्र कश्यप के तल्ख तेवर सामने आए। मंगलवार देर रात उन्होंने फेसबुक पर अपनी पोस्ट में लिखा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जिन लोगों ने उनका खुलकर विरोध किया था, यदि पार्टी उन्हें ही अग्रिम पंक्ति में बैठाएगी और उन पर कोई कार्रवाई नहीं करेगी, तो ऐसे में पार्टी को ‘टाटा बाय-बाय’ कहना स्वाभाविक है। कश्यप के इस बयान के बाद उनके समाजवादी पार्टी में शामिल होने के कयास लगाए जाने लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र कश्यप अपनी बेटी कृति कश्यप को आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने के लिए प्रयासरत थे। इस बीच भाजपा द्वारा झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार की पुत्री श्रुति गंगवार और कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह को राज्यसभा का उम्मीदवार बनाए जाने से उनकी नाराजगी और बढ़ गई। राजनीतिक चर्चाओं का बाजार गर्म है कि उनकी हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव से भी मुलाकात हो चुकी है। जब कश्यप से सपा में जाने को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि बहुत जल्द स्थिति सबके सामने स्पष्ट हो जाएगी।

Also Read: मेरठ के चर्चित सांप कांड में पत्नी रविता और प्रेमी अमरदीप दोषी करार, 16 अक्टूबर को होगा सजा का ऐलान

Get real time updates directly on you device, subscribe now.