धर्मेंद्र के निधन की अफवाह झूठी: हेमा मालिनी और ईशा देओल ने जारी किया बयान, मीडिया पर साधा निशाना

Sandesh Wahak Digital Desk: सोमवार को बॉलीवुड और देशभर में दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की फैली अफवाहों ने मंगलवार को पूरी दुनिया को सकते में डाल दिया। हालांकि, उनके परिवार ने तुरंत इन खबरों का खंडन करते हुए स्पष्ट किया है कि ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र स्वस्थ हैं और उनका इलाज चल रहा है।

अभिनेता की पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल ने सोशल मीडिया के माध्यम से इन झूठी खबरों की पुष्टि की और मीडिया के एक वर्ग पर जमकर गुस्सा जाहिर किया।

परिवार का आधिकारिक बयान

बेटी ईशा देओल ने स्पष्ट किया, “मीडिया लगातार झूठी खबरें फैला रहा है, मेरे पिताजी स्थिर हैं और स्वस्थ हो रहे हैं। हम सभी से अनुरोध करते हैं कि हमारे परिवार को कुछ निजी समय दें। पापा के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए की गई प्रार्थनाओं के लिए धन्यवाद।”

हेमा मालिनी ने इस गैर-जिम्मेदाराना रिपोर्टिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए लिखा, “जो कुछ हो रहा है वह माफ करने लायक नहीं है। कैसे जिम्मेदार चैनल ऐसे व्यक्ति के बारे में झूठी खबरें फैला सकते हैं जो इलाज पर अच्छी तरह प्रतिक्रिया दे रहा है और स्वस्थ हो रहा है? यह बेहद असम्मानजनक और गैर-जिम्मेदाराना व्यवहार है।”

ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती

89 वर्षीय धर्मेंद्र को सोमवार को साँस लेने में तकलीफ के चलते मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही इंडस्ट्री में चिंता फैल गई थी, और शाहरुख खान, सलमान खान, गोविंदा जैसे सुपरस्टार उनका हालचाल जानने हॉस्पिटल पहुँचे थे। पूरा देओल परिवार इस दौरान हॉस्पिटल में ही मौजूद रहा।

परिवार ने जनता से उनकी निजता का सम्मान करने और जल्द स्वस्थ होने की दुआ जारी रखने की अपील की है।

Also Read: Delhi:  लाल किले के पास कार ब्लास्ट में अब तक 11 की मौत, NIA करेगी धमाके की जांच

 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.