‘इस मुद्दे पर तो नितिन गडकरी का भी समर्थन कर दूंगा’, CJP आंदोलन के बीच ध्रुव राठी का बड़ा बयान

Dhruv Rathee: मशहूर यूट्यूबर ध्रुव राठी इन दिनों कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन को समर्थन देने को लेकर चर्चा में हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के आरोपों के बीच वह मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर हो रहे प्रदर्शन में शामिल होने वाले थे। हालांकि, प्रदर्शन में शामिल होने से पहले ही उन्हें हिरासत में ले लिया गया। बाद में रिहा होने पर राठी ने इस कार्रवाई को ‘किडनैप’ करार दिया। इसके बाद से वह लगातार मीडिया को इंटरव्यू दे रहे हैं।

हाल ही में बीबीसी हिंदी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने नितिन गडकरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि किसी मुद्दे पर समर्थन देने के लिए पार्टी नहीं, बल्कि उस मुद्दे को देखा जाना चाहिए।

‘मोदी चुनाव आयोग में सुधार की बात कहें तो उनका भी समर्थन करूंगा’

बीबीसी हिंदी के इंटरव्यू में ध्रुव राठी से पूछा गया कि वह केवल CJP आंदोलन का समर्थन कर रहे हैं या कांग्रेस का भी साथ देंगे। इस पर उन्होंने कहा, “मैं तो हर उस व्यक्ति का समर्थन कर रहा हूं जो इस मुद्दे का समर्थन कर रहे हैं। आज नितिन गडकरी बोल दें कि वह इस मुद्दे के समर्थन में हैं तो मैं उनका भी समर्थन करूंगा। आज नरेंद्र मोदी यह कह दें कि चुनाव आयोग में सुधार की जरूरत है तो मैं उनका भी समर्थन कर दूंगा। बात मुद्दे की होनी चाहिए। लोगों को पार्टी नहीं देखनी चाहिए।”

राठी के इस बयान का मतलब है कि चुनाव आयोग में सुधार के मुद्दे पर जो भी समर्थन करेगा, वह उसके साथ खड़े होंगे। उन्होंने इस मामले में पार्टी के बजाय मुद्दे को अहम बताया।

‘आज के हालात इमरजेंसी से भी खराब’

देश में अघोषित आपातकाल जैसे हालात होने के आरोप पर भी ध्रुव राठी ने अपनी बात रखी। उन्होंने 1975 की इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने एक इंटरव्यू देखा था, जिसमें एक बुजुर्ग ने उस दौर और मौजूदा हालात की तुलना की थी।

राठी ने कहा, “मैं एक इंटरव्यू देख रहा था। उसमें एक बुजुर्ग बोल रहे थे उन्होंने 1975 वाली इमरजेंसी भी देखी थी और आज की स्थिति भी देख रहे हैं। उस समय ऐसी स्थिति खराब नहीं हुई थी, जैसा आज हो रहा है। जैसी ही वह बोल रहे थे कि पुलिसवाला आता है और हाथ पकड़कर ले जाता है। इससे बड़ा सबूत और कुछ नहीं हो सकता है।”

इस बयान के जरिए उन्होंने मौजूदा हालात को लेकर चिंता जताई और पुलिस की कार्रवाई को अपने आरोपों के समर्थन में उदाहरण बताया।

भारतीय नागरिकता का दावा, पासपोर्ट दिखाकर दी सफाई

इससे पहले नागरिकता से जुड़े सवालों पर ध्रुव राठी ने कहा था कि वह भारतीय नागरिक हैं और उनके पास भारतीय पासपोर्ट है। उन्होंने कहा था, “मैं एक भारतीय नागरिक हूं। मेरे पास भारतीय पासपोर्ट है और मैं यहां विरोध प्रदर्शन में शामिल होने आया हूं क्योंकि मेरा मानना ​​है कि वोट की चोरी और निर्वाचन आयोग में गड़बड़ी एक बड़ा मुद्दा है।”

राठी ने आरोप लगाया था कि वह प्रदर्शन में शामिल होना चाहते थे, लेकिन दिल्ली पुलिस ने उनसे कहा कि अगर उन्होंने ऐसा करने की कोशिश की तो उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया जाएगा।

अपनी नागरिकता के दावे के समर्थन में उन्होंने वीडियो में पासपोर्ट भी दिखाया। साथ ही, उन्होंने उन दावों को खारिज किया कि उनका प्रदर्शन में शामिल होने का इरादा नहीं था। CJP आंदोलन के समर्थन, हिरासत और उसके बाद दिए गए बयानों के कारण यह मामला चर्चा में बना हुआ है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.