Dhurandhar ने अवॉर्ड सीजन में मचाई धूम, मिले 28 नॉमिनेशंस
Sandesh Wahak Digital Desk: रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर (Dhurandhar) ने बॉक्स ऑफिस के बाद अब अवॉर्ड सीजन में भी अपना दबदबा दिखाना शुरू कर दिया है। सिनेमाघरों में शानदार कमाई कर कई रिकॉर्ड तोड़ने के बाद अब यह फिल्म अवॉर्ड शोज़ में छाने के लिए पूरी तरह तैयार नजर आ रही है। आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने जी सिने अवॉर्ड्स 2026 की नॉमिनेशन लिस्ट में शानदार प्रदर्शन किया है। मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी है कि फिल्म को कुल 28 नॉमिनेशंस मिले हैं। कई कैटेगरी में फिल्म को एक से ज्यादा नॉमिनेशन हासिल हुए हैं, जिससे फिल्म की मजबूती और लोकप्रियता साफ दिखाई दे रही है।
जी सिने अवॉर्ड्स में Dhurandhar का दबदबा
सामने आई नॉमिनेशन लिस्ट के मुताबिक बेस्ट फिल्म से लेकर बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट हीरो से लेकर बेस्ट डेब्यू हीरोइन तक कई बड़ी कैटेगरी में धुरंधर (Dhurandhar) का नाम शामिल है। ऐसा माना जा रहा है कि शायद ही कोई ऐसी बड़ी कैटेगरी बची हो, जिसमें धुरंधर को नॉमिनेशन न मिला हो। जी सिने अवॉर्ड्स का यह 24वां एडिशन है और इस बार इसका आयोजन मुंबई में किया जाएगा। अवॉर्ड समारोह 28 फरवरी और 1 मार्च को आयोजित होने वाला है, जिसे लेकर फिल्म इंडस्ट्री और फैंस के बीच उत्साह देखने को मिल रहा है।
क्रिएटिव और टेक्निकल कैटेगरी में भी मजबूत पकड़
फिल्म Dhurandhar को बेस्ट फिल्म, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट स्क्रीनप्ले, बेस्ट स्टोरी और बेस्ट डायलॉग जैसी प्रमुख कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है। इसके साथ ही रणवीर सिंह को बेस्ट एक्टर मेल के लिए नॉमिनेट किया गया है। वहीं अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल को निगेटिव रोल के लिए नॉमिनेशन मिला है। सपोर्टिंग एक्टर कैटेगरी में आर माधवन, राकेश बेदी और गौरव गेरा को जगह मिली है। सारा अर्जुन को बेस्ट डेब्यू एक्टर फीमेल कैटेगरी में नॉमिनेशन मिला है।
म्यूजिक और टेक्निकल सेक्शन में भी फिल्म का दबदबा नजर आया है। शाश्वत सचदेवा को बेस्ट म्यूजिक और बेस्ट बैकग्राउंड स्कोर के लिए नॉमिनेशन मिला है। सॉन्ग ऑफ द ईयर कैटेगरी में धुरंधर का टाइटल ट्रैक शामिल है। प्लेबैक सिंगिंग कैटेगरी में अरिजीत सिंह और शाश्वत सचदेवा को ‘गेहरा हुआ’ के लिए जबकि मधुबंती बागची और जैसमीन सैंडलस को ‘शरारत’ के लिए नॉमिनेशन मिला है।
इसके अलावा कोरियोग्राफी, लिरिक्स, एडिटिंग, प्रोडक्शन डिजाइन, कॉस्ट्यूम डिजाइन, सिनेमैटोग्राफी, विजुअल इफेक्ट्स, साउंड डिजाइन और एक्शन जैसी कई टेक्निकल कैटेगरी में भी फिल्म Dhurandhar को नॉमिनेशन मिला है।
स्टारकास्ट और बॉक्स ऑफिस सफलता
दरअसल धुरंधर (Dhurandhar) में रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर माधवन, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल, सारा अर्जुन और राकेश बेदी जैसे कई बड़े कलाकार नजर आए हैं। फिल्म ने दुनियाभर में 1300 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार किया है, जो इसकी बड़ी सफलता को दर्शाता है।
फैंस की उम्मीदें बढ़ीं
पोस्टर और नॉमिनेशन लिस्ट सामने आने के बाद से ही फिल्म Dhurandhar को लेकर सोशल मीडिया पर जबरदस्त चर्चा हो रही है। फैंस अब इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि अवॉर्ड समारोह में धुरंधर कितने अवॉर्ड अपने नाम करती है। अब देखना दिलचस्प होगा कि बॉक्स ऑफिस के बाद क्या धुरंधर अवॉर्ड स्टेज पर भी अपना दबदबा कायम रख पाती है।
Also Read: हाईकोर्ट ने राजपाल यादव को जमानत देने से किया इनकार, भतीजी की शादी में शामिल होने की लगाई थी गुहार

