चेकिंग के दौरान महिला पुलिसकर्मियों से बदमाश की मुठभेड़, पैर में गोली लगने से हुआ घायल
Sandesh Wahak Digital Desk: गाजियाबाद में महिला पुलिस ने अपनी बहादुरी और सतर्कता का बड़ा उदाहरण पेश किया है। लोहिया नगर में चेकिंग के दौरान एक बदमाश से महिला पुलिस टीम की मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से बदमाश घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद बदमाश बार-बार महिला पुलिसकर्मियों से दया की भीख मांगते हुए बोला, “दीदी, गलती हो गई, माफ कर दो, अब आगे से नहीं आऊंगा।”
ऐसे हुई मुठभेड़
सोमवार देर रात, महिला थाना पुलिस टीम लोहिया नगर इलाके में गाड़ियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध स्कूटी आती दिखी। जब पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, तो स्कूटी सवार घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा।
भागने के दौरान बदमाश का संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी सहित गिर गया। जैसे ही उसने महिला पुलिसकर्मियों को अपनी ओर आते देखा, उसने फायरिंग कर दी। हालांकि, महिला पुलिस टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर वहीं गिर गया।
बदमाश का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पकड़े गए बदमाश की पहचान जितेंद्र के रूप में हुई है, जो मूल रूप से अलीगढ़ का रहने वाला है। पुलिस जांच में सामने आया है कि उसके खिलाफ चोरी, लूट और अवैध हथियार रखने जैसे 8 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। महिला पुलिस टीम ने मौके से एक तमंचा, स्कूटी और एक लूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया है। घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सहायक पुलिस आयुक्त उपासना पांडेय ने बताया कि बदमाशों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद महिला पुलिस टीम के साहस की हर तरफ तारीफ हो रही है।
Also Read: Meerut News: पुलिस का हाफ एनकाउंटर, 25 हजार का इनामी बदमाश शाहरुख गिरफ्तार

