डीआईजी कानपुर परिक्षेत्र का इटावा में आकस्मिक निरीक्षण, पुलिस व्यवस्था सुधारने के दिए सख्त निर्देश

Etawah News: कानपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) हरीश चन्दर ने सोमवार को इटावा में कानून-व्यवस्था की स्थिति का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना सिविल लाइन और वहां स्थित मिशन शक्ति केंद्र का निरीक्षण कर पुलिस की कार्यप्रणाली, महिला सुरक्षा और जन शिकायतों के निस्तारण की गहन समीक्षा की।

डीआईजी हरीश चन्दर के आगमन पर रिजर्व पुलिस लाइन के अतिथि गृह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बृजेश कुमार श्रीवास्तव समेत अन्य अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद गार्द द्वारा उन्हें औपचारिक सलामी दी गई।

कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा

पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीआईजी ने अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निस्तारण और जनता की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस को जनता के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए ताकि कानून व्यवस्था पर लोगों का भरोसा और मजबूत हो।

थाना सिविल लाइन निरीक्षण के दौरान डीआईजी ने मिशन शक्ति केंद्र का भी जायजा लिया। उन्होंने महिला बीट व्यवस्था, एससी/एसटी एक्ट से संबंधित रजिस्टर और अभिलेखों की जांच की। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के तहत चल रही गतिविधियों की समीक्षा करते हुए महिला एवं बालिका सुरक्षा को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

सहयोगात्मक रवैया अपनाने की सलाह दी

डीआईजी हरीश चन्दर ने कहा कि महिला और बालिका से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जन शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर देते हुए पुलिस कर्मियों को आमजन के प्रति सहयोगात्मक रवैया अपनाने की सलाह दी।

निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीश चन्द्र, एएसपी (नगर) अभयनाथ त्रिपाठी, एएसपी (अपराध/लाइन) सुबोध गौतम समेत क्षेत्राधिकारी, थानाध्यक्ष और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। डीआईजी का यह दौरा पुलिस प्रशासन को नई दिशा देने और कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Also Read: Pratapgarh News: बंद पड़े कॉलेज से 47 लाख के अवैध पटाखे बरामद, प्रिंसिपल समेत 4 गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.