करोड़ों की ‘डिजिटल’ डकैती: लखनऊ में 3.79 करोड़ की ठगी करने वाला शातिर शोभित गिरफ्तार

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की विकासनगर पुलिस ने धोखाधड़ी और गबन के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए शातिर अभियुक्त शोभित श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया है। शोभित पर आरोप है कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक कंपनी के जरिए व्यापारी को करीब 3 करोड़ 79 लाख रुपये का चूना लगाया है।

विश्वास जीता, फिर कर दिया ‘विश्वासघात’

मामला साल 2025 का है, जब विकासनगर निवासी लोकेश ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि शोभित श्रीवास्तव और उसके साथियों (अनूप रस्तोगी, शशि प्रताप सिंह व अन्य) ने खुद को एक पंजीकृत कंपनी का मुख्य पदाधिकारी बताया।

उन्होंने पीड़ित से अलग-अलग तारीखों में भारी मात्रा में लैपटॉप, कंप्यूटर और अन्य महंगे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खरीदे। सामान लेने के बाद जब पैसे देने की बारी आई, तो आरोपियों ने भुगतान नहीं किया और करीब 3 करोड़ 79 लाख रुपये का गबन कर लिया।

चिनहट के पास से हुई गिरफ्तारी

विकासनगर पुलिस की टीम साक्ष्य जुटाने के बाद लगातार इन जालसाजों की तलाश कर रही थी। बुधवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने चिनहट के मल्हौर रोड स्थित श्रीकृष्णा डिस्ट्रीब्यूटर के पास से शोभित श्रीवास्तव को गिरफ्तार कर लिया। शोभित जानकीपुरम का रहने वाला है और वर्तमान में चिनहट की यमुना विहार कॉलोनी में छिपा हुआ था।

जेल भेजे गए आरोपी

पुलिस ने आरोपी शोभित को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में लखनऊ जिला कारागार भेज दिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों अनूप रस्तोगी, आशुतोष मिश्रा और शशि प्रताप सिंह की तलाश में छापेमारी कर रही है।

Also Read: Lucknow: अंसल ग्रुप पर कसेगा कानूनी शिकंजा, NCLT के आदेश से होम बायर्स की बड़ी जीत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.