कांग्रेस नेता की कार से 105 लीटर शराब जब्त, जिला महामंत्री अश्विनी मानिकपुरी समेत तीन गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले में पुलिस की एक बड़ी कार्रवाई से स्थानीय राजनीति में भूचाल आ गया है। पुलिस ने कांग्रेस के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जिला महामंत्री अश्विनी मानिकपुरी की नेम प्लेट लगी एक कार से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है और मौके से नेता समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
कोतवाली पुलिस को देर रात को क्षेत्र में कुछ संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने एक वाहन को रोका। यह देखकर पुलिस भी हैरान रह गई कि कार पर बाकायदा अश्विनी मानिकपुरी, जिला महामंत्री पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ कांग्रेस की नेम प्लेट लगी हुई थी।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को अलग-अलग ब्रांड की कुल 105 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब मिली। पुलिस ने तुरंत मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें से एक की पहचान कांग्रेस नेता अश्विनी मानिकपुरी के रूप में हुई है।
पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह अवैध शराब जिले के अन्य क्षेत्रों में सप्लाई की जा रही थी। नेता की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही स्थानीय कांग्रेस संगठन में हड़कंप मच गया है, क्योंकि अश्विनी मानिकपुरी मूल रूप से बजाग क्षेत्र के रहने वाले हैं और संगठन में काफी सक्रिय माने जाते हैं।
कोतवाली टीआई दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया, वाहन से 105 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है और तीन आरोपी गिरफ्तार हुए हैं। प्रकरण में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है।
Also Read: Lucknow News: जनसुरक्षा के लिए अवैध शराब माफियाओं पर योगी सरकार की कड़ी कार्रवाई

