संगम में डुबकी, हाथ में रुद्राक्ष की माला…, महाकुंभ में इस अंदाज में दिखे PM मोदी
Sandesh Wahak Digital Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को प्रयागराज पहुंचे, जहां उन्होंने महाकुंभ में त्रिवेणी संगम में पवित्र स्नान किया। इस अवसर पर उन्होंने मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना भी की। उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित प्रदेश सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री मौजूद रहे।
पीएम मोदी के इस दौरे को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। उनकी सुरक्षा के लिए भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए थे। प्रयागराज में कुंभ क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने त्रिवेणी संगम में मंत्रोच्चारण के बीच पवित्र डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने भगवा रंग के वस्त्र धारण किए थे। उनके गले और हाथ में रुद्राक्ष की माला थी।
प्रधानमंत्री का विमान प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पर उतरा, जहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं ब्रजेश पाठक ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट से पीएम मोदी वायुसेना के हेलिकॉप्टर से अरैल स्थित डीपीएस हेलिपैड पहुंचे। वहां से उनका काफिला वीआईपी घाट तक गया, जहां से वे नाव के जरिए संगम पहुंचे।
महाकुंभ में अब तक 38.29 करोड़ श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं। बुधवार को अब तक 47.30 लाख श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं। पीएम मोदी के आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रयागराज दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Also Read: मिल्कीपुर उपचुनाव: अखिलेश यादव का आरोप, बोले- मतदाताओं को डराया जा रहा

