बिहार के भागलपुर में दिव्यांग नाबालिग से रेप, आरोपी गिरफ्तार
Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार के भागलपुर में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहाँ एक 14 साल की दिव्यांग नाबालिग से रेप किया गया है। पीड़िता बोल और सुन नहीं सकती, जिसके कारण उसने इशारों में अपनी माँ को पूरी आपबीती बताई। पुलिस ने इस मामले में आरोपी बादल (20) को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना 2 सितंबर को नवगछिया के गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार, जब नाबालिग के घर पर सिर्फ उसका छोटा भाई था और बाकी परिवार के सदस्य खेत गए थे, तब आरोपी बादल वहाँ पहुँचा। उसने पीड़िता के भाई को घरवालों को बुलाने के बहाने बाहर भेज दिया और इस मौके का फायदा उठाकर लड़की के साथ दुष्कर्म किया।
जब पीड़िता की माँ घर लौटीं, तो उन्होंने देखा कि लड़की की हालत ठीक नहीं थी और उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। पीड़िता ने अपनी माँ को इशारों में पूरी घटना समझाई, जिसके बाद आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया। पुलिस अधिकारी एसडीपीओ ओम प्रकाश ने बताया कि गोपालपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज की गई थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी बादल को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
Also Read: गुजरात में मूसलाधार बारिश से हाल बेहाल, सूरत और वडोदरा में बाढ़ का खतरा

