मुलायम परिवार में कलह: अपर्णा यादव से तलाक लेंगे प्रतीक यादव, पोस्ट में बयां किया दर्द
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश की राजनीति के सबसे रसूखदार परिवारों में से एक, ‘मुलायम परिवार’ से एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक रहे स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू और भाजपा नेता अपर्णा यादव का वैवाहिक जीवन संकट में नजर आ रहा है। अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया के जरिए अपनी पत्नी से अलग होने और तलाक लेने का सार्वजनिक ऐलान कर दिया है।

इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा हड़कंप
प्रतीक यादव ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर एक भावुक और बेहद तीखी पोस्ट साझा की है। इस पोस्ट में उन्होंने अपर्णा यादव पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रतीक ने लिखा कि वे जल्द से जल्द इस रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं। उनके इस बयान ने न केवल राजनीतिक गलियारों में बल्कि आम जनता के बीच भी हलचल मचा दी है।
प्रतीक यादव के गंभीर आरोप
अपनी पोस्ट में प्रतीक ने अपना दर्द साझा करते हुए लिखा “मैं इस मतलबी औरत से बहुत जल्द तलाक लेने जा रहा हूँ। उसने मेरे परिवार के सभी रिश्तों को बर्बाद कर दिया है। उसे सिर्फ मशहूर होने और पावरफुल बनने की भूख है।”
प्रतीक ने आगे अपनी मानसिक स्थिति का जिक्र करते हुए कहा कि वे इस समय गहरे तनाव और खराब ‘मेंटल हेल्थ’ से गुजर रहे हैं, लेकिन अपर्णा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने यहां तक कह दिया कि वे खुद को बदकिस्मत मानते हैं कि उनकी शादी अपर्णा से हुई।
पारिवारिक रिश्तों में दरार
अपर्णा यादव, जो लंबे समय से भाजपा में सक्रिय हैं, अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहती हैं। हालांकि, यह पहली बार है जब उनके निजी जीवन और पति के साथ विवाद इस तरह सरेआम सामने आया है। प्रतीक यादव ने साफ तौर पर कहा है कि अपर्णा के “स्वार्थी व्यवहार” ने उनके घर को तोड़ दिया है।
अभी तक इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव या परिवार के किसी अन्य सदस्य की कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सोशल मीडिया पर लोग इस खबर को लेकर तरह-तरह की अटकलें लगा रहे हैं।
Also Read: सिद्धार्थनगर: 6.24 करोड़ से होगा उसका-धर्मसिंहवा मार्ग का कायाकल्प, विधायक ने दी सौगात

