Budget Session के चौथे दिन संसद में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू, कई मुद्दों पर गरमाई सियासत

Sandesh Wahak Digital Desk: संसद के बजट सत्र (Budget Session) का सोमवार को चौथा दिन है। संसद में आज राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू हो गई है। लोकसभा में सांसद सर्बानंद सोनोवाल ने प्रस्ताव सदन में प्रस्तुत किया। धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के लिए कुल 18 घंटे का समय तय किया गया है, जिसके तहत सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों को बोलने का अवसर मिलेगा।

राज्यसभा में भी धन्यवाद प्रस्ताव पेश,

धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, तारिक अनवर, अमरिंदर राजा वड़िंग, एंटो एंटनी और जोतिमणि अपनी बात रखेंगे। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 4 फरवरी को सदन में चर्चा का जवाब देंगे। बजट से जुड़े सवालों पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 11 फरवरी को जवाब दे सकती हैं।

राज्यसभा में भाजपा सांसद सी सदानंदन मास्टर धन्यवाद प्रस्ताव पेश करेंगे। उनके अलावा भाजपा सांसद मेधा विश्राम कुलकर्णी प्रस्ताव का समर्थन करेंगी। इसी बीच राज्यसभा की कार्यवाही दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई। इससे पहले सुबह 11 बजे शुरू हुई कार्यवाही के दौरान दो घंटे प्रश्नकाल चला।

लोकसभा में कार्यवाही तेज

लोकसभा में सर्बानंद सोनोवाल द्वारा प्रस्ताव पेश किए जाने के बाद सांसद तेजस्वी सूर्या प्रस्ताव के समर्थन में बोल रहे हैं। वहीं लोकसभा में प्रश्नकाल खत्म होने के बाद अनुदान मांगों पर प्रस्ताव रखे जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

वहीं बजट सत्र के दौरान विपक्ष आम बजट और एपस्टीन से जुड़े मुद्दे पर हंगामा कर सकता है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने 31 जनवरी को दावा किया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मानव तस्करी, नाबालिगों के यौन शोषण और बलात्कार के दोषी जेफ्री एपस्टीन की सलाह मानी थी।

Budget Session के चौथे दिन संसद में धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा शुरू, कई मुद्दों पर गरमाई सियासत

मनरेगा और राज्यों के मुद्दों पर भी उठे सवाल

कांग्रेस नेता जयराम नरेश ने कहा कि मनरेगा एक परिवर्तनकारी कानून था और केंद्र की नई योजना में कई खामियां हैं। वहीं केरल के सांसदों ने बजट में राज्य के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया और संसद के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

वहीं संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि धन्यवाद प्रस्ताव पर सोमवार को भाजपा के पांच वक्ता होंगे। उन्होंने बताया कि कुल 18 घंटे के तय समय के अनुसार तीन दिनों तक चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री 4 फरवरी की शाम को जवाब देंगे और एनडीए को लगभग 55 प्रतिशत समय मिलेगा।

न्यायिक भर्ती और भारत रत्न की मांग भी उठी

राज्यसभा में यूपी से भाजपा सांसद डॉ के लक्ष्मण ने न्यायाधीशों की भर्ती के लिए एक समान राष्ट्रीय परीक्षा प्रणाली की मांग उठाई। वहीं एआईएडीएमके सांसद एम धनपाल ने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री जे जयललिता को भारत रत्न देने की मांग की।

वहीं संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही शुरू होने के साथ लोकसभा में प्रश्नकाल चला। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सदस्यों से छोटे सवाल पूछने और मंत्रियों से संक्षिप्त जवाब देने की अपील की, ताकि ज्यादा मुद्दों पर चर्चा हो सके।

बजट सत्र की समयसीमा और लंबित विधेयक

बजट सत्र 65 दिनों में 30 बैठकों तक चलेगा और 2 अप्रैल को समाप्त होगा। 28 जनवरी से शुरू हुआ पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा, जबकि दूसरा चरण 9 मार्च से शुरू होगा। लोकसभा में विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक 2025, प्रतिभूति बाजार संहिता 2025 और संविधान संशोधन विधेयक 2024 समेत नौ विधेयक लंबित हैं, जिनकी जांच संसदीय समितियां कर रही हैं।

 

Also Read: T20 World Cup 2026: अगर ऐसा हुआ तो ICC को लगेगा 200 करोड़ रुपये का झटका

Get real time updates directly on you device, subscribe now.