जिला निर्वाचन अधिकारी ने लखनऊ उत्तर के बूथों का किया औचक निरीक्षण, नामावली पुनरीक्षण पर दिए निर्देश
Lucknow News: विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों के विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम को और प्रभावी, पारदर्शी व समय से पूरा कराने के लिए आज जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी विशाख जी ने विधानसभा क्षेत्र लखनऊ उत्तर के विभिन्न इलाकों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता गणना फॉर्म के संग्रहण और उनके कंप्यूटर में दर्ज (फीडिंग) होने की प्रगति की भी जानकारी ली।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सबसे पहले लायंस राजधानी विद्यालय, त्रिवेणी नगर, अलीगंज स्थित बूथ नंबर 132 से 142 तक का, तथा इसके बाद ब्राइटलैंड इंटर कॉलेज के बूथ नंबर 147 से 152 तक का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वहाँ चल रहे चुनावी तैयारी के कामकाज की प्रगति की समीक्षा की और संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक हिदायतें दीं।

निरीक्षण के दौरान बीएलओ द्वारा बताया गया कि मतदाताओं द्वारा भरे गए गणना फॉर्म वापस बीएलओ के पास जमा करने की प्रक्रिया जारी है। इस पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने बीएलओ को निर्देश दिया कि फॉर्म भरने में मतदाताओं की किसी भी तरह की दुविधा या सवाल का तुरंत समाधान किया जाए।

साथ ही, उन्होंने निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को आदेश दिए कि आपूर्ति निरीक्षक, एडीओ पंचायत और कोटेदार को बीएलओ के साथ मैदान में उतारकर गणना फॉर्मों के संग्रहण की प्रक्रिया को तेज और सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन की ओर से सभी मतदाताओं से अपील की गई है कि वे अपना गणना फॉर्म यथाशीघ्र भरकर अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) के पास जमा कर दें, ताकि मतदाता सूची का सही और समय पर नवीनीकरण हो सके।
Also Read: मंत्री संजय निषाद के ‘दलाल’ वाले बयान पर विरोध तेज, LU छात्रों ने लखनऊ में फूंका पुतला

