बिहार में मंत्रालयों का बँटवारा पूरा, सम्राट चौधरी बने गृह मंत्री

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार की नई एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने मंत्रिमंडल के विभागों का बँटवारा कर दिया है। इस बार का सबसे बड़ा बदलाव यह देखने को मिला है कि मुख्यमंत्री ने गृह विभाग अपने पास नहीं रखा, बल्कि इसे डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को सौंप दिया है। इसके साथ ही सम्राट चौधरी का राजनीतिक कद और बढ़ गया है।

नीतीश कुमार ने पहली बार छोड़ा गृह विभाग

यह एक ऐतिहासिक फैसला माना जा रहा है, क्योंकि बिहार में चाहे महागठबंधन की सरकार हो या एनडीए की, गृह मंत्रालय हमेशा नीतीश कुमार के पास ही रहा है। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री रहते हुए यह पहली बार है जब उनके पास गृह विभाग नहीं होगा।

विभाग बँटवारे में बीजेपी के दिग्गज नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियाँ दी गई हैं। दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा के पास भूमि-राजस्व और खान जैसे संवेदनशील विभाग रहेंगे। मंगल पांडे एक बार फिर स्वास्थ्य मंत्री बनाए गए हैं और उन्हें कानून विभाग भी मिला है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल को उद्योग विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। राम कृपाल यादव राज्य के नए कृषि मंत्री बनाए गए हैं। नितिन नवीन को पथ निर्माण तथा नगर विकास और आवास जैसे बड़े विभाग मिले हैं।

वहीं गठबंधन के अन्य साझेदार दलों को भी विभाग आवंटित किए गए हैं। चिराग पासवान की पार्टी एलजेपी (आर) को गन्ना उद्योग और लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग मिले हैं। जीतन राम मांझी के दल हम को लघु जल संसाधन विभाग मिला है, जिसके मंत्री उनके बेटे संतोष सुमन बनेंगे। उपेंद्र कुशवाहा के दल आरएलएम को पंचायती राज विभाग मिला है, और उनके बेटे दीपक प्रकाश इसके मंत्री बनेंगे।

अभी बाकी है जेडीयू का बँटवारा

गौरतलब है कि अभी तक सिर्फ बीजेपी और अन्य सहयोगी दलों के मंत्रियों के विभाग तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अपनी पार्टी जेडीयू के मंत्रियों को कौन-कौन से विभाग मिलेंगे, यह अभी घोषित नहीं किया गया है।

Also Read: बस से टक्कर के बाद कार में लगी आग, ज्वैलरी व्यवसायी की जलकर मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.