Mirzapur News: मंडलायुक्त ने चुनार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का किया निरीक्षण, राहत कार्यों की समीक्षा

Sandesh Wahak Digital Desk: विंध्याचल मंडल के मंडलायुक्त बालकृष्ण त्रिपाठी, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा ने बृहस्पतिवार को चुनार तहसील अंतर्गत बाढ़ से प्रभावित ग्राम बेला और आस-पास के क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

अधिकारियों ने प्रभावित गांवों में राहत पहुंचाने के लिए चल रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए वितरण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान टीम ने नावों के माध्यम से भेजे जा रहे लंच पैकेट का भौतिक परीक्षण किया। उन्होंने पैकेट खोलकर उसमें रखी खाद्य सामग्री पूड़ी, सब्जी और मिठाई की गुणवत्ता और मात्रा का जायजा लिया।

लंच पैकेट में बढ़ाई जाए पूड़ियों की संख्या

मंडलायुक्त त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंच पैकेट में पूड़ियों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि प्रभावित परिवारों को पर्याप्त मात्रा में भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि वितरण कार्य पारदर्शिता और नियमितता के साथ किया जाना चाहिए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई पात्र व्यक्ति राहत से वंचित न रहे।

फसलों की क्षति पर बीमा कंपनी से समन्वय

मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ के कारण किसानों की नष्ट हुई फसलों का आकलन कराया जाए और बीमा कंपनियों से संपर्क स्थापित कर प्रभावित किसानों को समय पर मुआवजा दिलवाया जाए। उन्होंने कहा कि जैसे ही बाढ़ का पानी घटे, तत्काल फसल क्षति का सर्वेक्षण शुरू कर रिपोर्ट तैयार की जाए।

स्थानीय पुलिस को सतर्कता बढ़ाने के निर्देश

पुलिस महानिरीक्षक और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतत गश्त और निगरानी बनाए रखें, ताकि राहत वितरण में कोई बाधा उत्पन्न न हो।

जिलाधिकारी ने दी विस्तृत जानकारी

जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार ने बताया कि प्रशासन द्वारा राहत शिविरों एवं प्रभावित गांवों में भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता और पशुओं के चारे की समुचित व्यवस्था की गई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे किसी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें और किसी आवश्यकता या आपात स्थिति में तुरंत प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क करें।

बाढ़ के दौरान किसी भी व्यक्ति के जल में जाने से दुर्घटना की संभावना को देखते हुए अधिकारियों ने लोगों से जल से दूर रहने की अपील की है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वि/रा) अजय कुमार सिंह, उपजिलाधिकारी राजेश कुमार वर्मा, क्षेत्राधिकारी मंजरी राव, प्रभारी तहसीलदार संजय सिंह सहित अन्य प्रशासनिक एवं राजस्व अधिकारी मौजूद रहे।

Also Read: प्रयागराज में STF का बड़ा ऑपरेशन: मुठभेड़ में गैंगस्टर आशीष रंजन गिरफ्तार, हथियार बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.