Lucknow News: ठंड से राहत और किसानों के भुगतान को लेकर मंडलायुक्त ने जारी किए अहम निर्देश
Lucknow News: मंडलायुक्त विजय विश्वास पन्त की अध्यक्षता में बुधवार को सभी जिलों के विकास कार्यों की एक बड़ी समीक्षा बैठक हुई। इस बैठक में मंडल के सभी जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक का मुख्य फोकस सरकारी योजनाओं की प्रगति और जनता को मिल रही सुविधाओं पर था।
मंडलायुक्त ने सबसे पहले बढ़ती ठंड को देखते हुए अधिकारियों को रैनबसेरों (आश्रय स्थलों) की व्यवस्था चाक-चौबंद करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि सभी आश्रय स्थलों पर पर्याप्त कंबल, गर्म पानी, हीटर, बिजली और सफाई का प्रबंध तुरंत सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन जैसी जगहों पर अतिरिक्त अस्थायी रैनबसेरे बनाए जाएँ ताकि कोई भी व्यक्ति सर्दी से परेशान न हो।
पन्त ने अधिकारियों से कहा कि सरकार की योजनाएं जमीन पर दिखनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री आवास योजना, पेंशन योजना, किसान सम्मान निधि, कन्या सुमंगला जैसी लोक-कल्याणकारी योजनाओं पर विशेष ध्यान देने को कहा। उनका स्पष्ट निर्देश था कि समाज के आखिरी छोर के व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुँचे।

किसानों के लिए राहत: धान खरीद का भुगतान 48 घंटे के भीतर करने के सख्त निर्देश। छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाए।
सड़कें हों गड्ढा-मुक्त: लखनऊ की 81% प्रगति को और बेहतर बनाते हुए सभी महत्वपूर्ण सड़कों को गड्ढा-मुक्त करने का लक्ष्य।
शिक्षा पर फोकस: प्राथमिक स्कूलों के बच्चों का स्तर सुधारने और मॉडल स्कूलों के निर्माण में तेजी लाने पर जोर।
गौशालाओं का रख-रखाव: गौशालाओं में साफ-सफाई, CCTV और ठंड से बचाव की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
कमजोर प्रदर्शन पर सुधार: जिन जिलों की योजनाओं में प्रगति धीमी है, वहाँ तुरंत सुधार लाने के निर्देश दिए गए।
Also Read: सपा कार्यकर्ताओं का लखनऊ-नोएडा में उग्र प्रदर्शन, ‘गांधारी के श्राप’ की टिप्पणी से मचा हंगामा

