CMP बैठक में बड़ा फैसला: मंडलायुक्त विजय विश्वास पन्त बोले- लखनऊ में अब सड़कों की होगी ‘री-डिजाइनिंग’
Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुचारू बनाने के उद्देश्य से सोमवार को मंडलायुक्त विजय विश्वास पन्त की अध्यक्षता में कम्प्रेहेंसिव मोबिलिटी प्लान (CMP) की एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। आयुक्त कक्ष कार्यालय में आयोजित इस बैठक में पीडब्ल्यूडी, रेलवे, सेतु निगम, एलडीए और सिटी ट्रांसपोर्ट के अधिकारी मौजूद रहे।

यातायात सुधार के लिए री-डिजाइनिंग पर जोर
मंडलायुक्त ने बैठक के दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर की सड़कों का री-डिजाइनिंग प्लान प्राथमिकता के आधार पर तैयार किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने रेलवे से संबंधित अधिकारियों को चारबाग रेलवे स्टेशन के सामने अवैध अतिक्रमण और यूटिलिटी शिफ्टिंग के मुद्दे पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि एलडीए और नगर निगम की संयुक्त टीम यह सुनिश्चित करे कि जल्द से जल्द अवैध अतिक्रमण हटाकर यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूरा किया जाए।
सेतु निगम के निर्माण कार्यों में तेजी के निर्देश
बैठक में सेतु निगम के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में निगम के 11 सिविल कार्य निर्माणाधीन हैं।
मंडलायुक्त ने निर्देश दिया कि सेतु निगम निर्माणाधीन कार्यों की गुणवत्ता और मानक का विशेष ध्यान रखे। संपूर्ण कार्य निर्धारित समय अवधि में पूरा किया जाए। समय पर कार्य पूर्ण करने के लिए मैन पावर और मशीनरी की संख्या में बढ़ोतरी करते हुए दिन-रात कार्य कराया जाए। निर्माणाधीन कार्यों की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति रिपोर्ट प्रत्येक माह मंडलायुक्त के समक्ष प्रस्तुत की जाए।
इसके अलावा, मोबिलिटी प्लान के तहत सिटी बसों के स्टॉपेज के लिए बस अड्डों का चिह्नांकन कर उन्हें व्यवस्थित करने के भी निर्देश दिए गए।
Also Read: यूपी में 4 सीनियर IPS के तबादले, ADG रघुवीर लाल बने कानपुर के नए पुलिस कमिश्नर

