Siddharthnagar News: सुरक्षा की मांग को लेकर अमित शाह से मिलेंगे सनातन धर्म प्रचारक दिव्यांशु जी महाराज
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर मुख्यालय स्थित प्राचीन श्री सिंहेश्वरी मंदिर के संचालक और मशहूर कथावाचक दिव्यांशु जी महाराज ने अपनी जान को ख़तरा बताते हुए, जल्द ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सुरक्षा की गुहार लगाने की घोषणा की है। दिव्यांशु जी महाराज ने दूरभाष के माध्यम से स्वयं यह जानकारी दी है।
दिव्यांशु जी ने बताया कि वह लगातार हिन्दुत्व के सजग प्रहरी रहे हैं और सनातन धर्म का पुरजोर प्रचार-प्रसार करते रहते हैं। यह बात कुछ हिन्दू विरोधी ताक़तों को लगातार खटकती रही है, जिसके चलते उन्हें कई बार धमकी मिल चुकी है। इसके अलावा, प्राचीन श्री सिंहेश्वरी मंदिर पर कब्ज़े को लेकर भी विवाद चल रहा है, जिसने उनके जीवन को और भी ख़तरे में डाल दिया है।
उन्होंने ज़िला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि लगभग दो साल से वह अपनी सुरक्षा के लिए गुहार लगा रहे हैं, लेकिन स्थानीय प्रशासन के कान पर जूँ तक नहीं रेंग रही है और उन्हें आज तक कोई सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई है।
अब गृह मंत्री से मिलेगी गुहार
महाराज ने स्पष्ट किया कि अब वह इस मसले को लेकर कतई चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए गुहार लगाएँगे। उन्होंने बताया कि वह गृह मंत्री से मिलने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि एक-दो दिन में समय मिल जाएगा। स्थानीय प्रशासन की इस लापरवाही के बीच, अब देखना है कि केंद्रीय गृह मंत्री से मुलाकात के बाद दिव्यांशु जी महाराज को कितनी जल्दी सुरक्षा मिल पाती है।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: गोपालगंज में चुनावी हिंसा, दलित परिवार पर वोट न बताने की वजह से हमला, तीन घायल

