केंद्रीय कर्मचारियों को दिवाली का तोहफा, केंद्र सरकार ने DA 58% किया
Sandesh Wahak Digital Desk: त्योहारों के इस मौसम में केंद्र सरकार ने अपने लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारकों को एक बड़ा तोहफा दिया है। कैबिनेट की बैठक में लिए गए फैसले के तहत, केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों के लिए महंगाई भत्ता (DA) बढ़ा दिया गया है!
सरकार की ओर से महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का यह ऐलान आमतौर पर फेस्टिवल सीजन के दौरान ही किया जाता है, ताकि कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को महंगाई से राहत मिल सके।
इस ताजा बढ़ोतरी के बाद केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनधारकों का महंगाई भत्ता 55% से बढ़कर 58% हो गया है। यह बढ़ोतरी 7वें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों पर तय फॉर्मूले के तहत की गई है। जुलाई, अगस्त और सितंबर की बकाया राशि (एरियर) उन्हें अक्टूबर की सैलरी के साथ दी जाएगी।

इसका मतलब है कि 50,000 रुपये की बेसिक सैलरी वाले कर्मचारी को अब महंगाई भत्ते के रूप में हर महीने 1500 रुपये अधिक मिलेंगे, जो उनकी ग्रॉस सैलरी में जुड़ जाएगा। बता दें कि इससे पहले इस साल 1 जनवरी 2025 को महंगाई भत्ते और महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी, जिसका फायदा करीब 1.15 करोड़ केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को मिला था।

