विधानसभा में RSS का एंथम गाकर फंसे डीके शिवकुमार, मांगी माफ़ी

Sandesh Wahak Digital Desk: कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने हाल ही में विधानसभा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) का एंथम गाने के बाद मचे सियासी बवाल पर सफाई दी है और माफ़ी भी मांगी है। उन्होंने कहा कि अगर उनकी इस हरकत से कांग्रेस या इंडिया गठबंधन के किसी साथी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो वे खेद व्यक्त करते हैं।

डीके शिवकुमार ने इस मामले पर सफाई देते हुए कहा, मैंने तो सिर्फ़ मज़ाक में बीजेपी को छेड़ने के लिए वो एंथम गाया था। मेरे कुछ दोस्त इसे राजनीतिक रंग देकर लोगों में भ्रम पैदा कर रहे हैं, जबकि मेरा ऐसा कोई इरादा नहीं था।

उन्होंने अपनी कांग्रेस के प्रति वफ़ादारी को दोहराते हुए कहा, मैं जन्म से कांग्रेसी हूँ और अंतिम साँस तक कांग्रेसी रहूँगा। मैं 1980 से कांग्रेस और गांधी परिवार के साथ हूँ। उन्होंने यह भी साफ़ किया कि उन्हें कांग्रेस आलाकमान ने माफ़ी मांगने के लिए नहीं कहा है।

विवाद की शुरुआत

यह विवाद तब शुरू हुआ जब विधानसभा में बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए एक कार्यक्रम के दौरान हुई भगदड़ पर चर्चा हो रही थी। इसी चर्चा के दौरान, विपक्ष यानी बीजेपी द्वारा उठाए गए सवालों का जवाब देते हुए डीके शिवकुमार ने अचानक आरएसएस का एंथम गा दिया था। इसके बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधना शुरू कर दिया था। डीके शिवकुमार ने कहा कि राजनीति में आने से पहले उन्होंने एनएसयूआई, कांग्रेस और आरएसएस सहित कई राजनीतिक दलों के इतिहास का अध्ययन किया है। उन्होंने अपनी बात को स्पष्ट करते हुए कहा कि उनका इरादा आरएसएस की तारीफ़ करना नहीं था।

Also ReadLucknow News: लखनऊ में शोहदे ने महिला प्रोफेसर को किए 1000 कॉल, शिकायत पर आरोपित गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.