सिद्धार्थनगर जिला जेल का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिला कारागार में सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के उद्देश्य से प्रशासनिक अमले ने अचानक छापा मारा। मंगलवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने भारी पुलिस बल के साथ जिला जेल का औचक निरीक्षण किया। इस औचक कार्रवाई से जेल परिसर और स्टाफ में हड़कंप मच गया। आला अधिकारियों ने जेल के भीतर कैदियों को दी जा रही बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों की जमीनी हकीकत परखी।

निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने बंदियों के बैरकों की सघन तलाशी ली और भोजनालय (मेस) का गहन मुआयना किया, जहां कैदियों के लिए बनने वाले भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई। इस दौरान जेल की सामान्य व्यवस्थाएं और साफ-सफाई संतोषजनक पाई गई।

सिद्धार्थनगर जिला जेल का डीएम और एसएसपी ने किया औचक निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बंदियों की हर गतिविधि पर रहेगी पैनी नजर

अधिकारियों ने जेल प्रशासन के साथ समीक्षा बैठक करते हुए सुरक्षा को लेकर कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट हिदायत दी कि कारागार के भीतर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या नशीली सामग्री की एंट्री हर हाल में रोकी जाए। इसके लिए प्रवेश द्वारों पर विशेष सतर्कता और सघन चेकिंग अभियान चलाने को कहा गया है। साथ ही, मानवाधिकारों और स्वास्थ्य मानकों का पालन करते हुए निर्देश दिया गया कि जेल में आने वाले हर नए बंदी का अनिवार्य रूप से चिकित्सकीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराया जाए।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने जेल अधीक्षक को नियमित रूप से कारागार का आंतरिक राउंड लेने और वहां निरुद्ध शातिर बंदियों व कैदियों की संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के निर्देश दिए। एसएसपी ने कहा कि सुरक्षा में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट- जाकिर खान

Also Read: पुलिस ने लखनऊ में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशी नागरिक को दबोचा

Get real time updates directly on you device, subscribe now.