Siddharthnagar News: DM ने लापरवाही पर जोगिया, इटवा और डुमरियागंज समेत 7 खंड शिक्षा अधिकारियों को जारी किया नोटिस
Siddharthnagar News: जिले के बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यों को लेकर शनिवार को सिद्धार्थ सभागार में एक हाई-लेवल समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता और मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह की उपस्थिति में हुई इस बैठक में सरकारी योजनाओं और बच्चों के नामांकन में ढिलाई बरतने वाले अफसरों पर गाज गिरी है। बच्चों के कम नामांकन पर कड़ी नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने जोगिया, इटवा, डुमरियागंज, खुनियांव, बांसी, मिठवल और बर्डपुर के खंड शिक्षा अधिकारियों (BEO) को तत्काल प्रभाव से नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।
कम नामांकन पर अफसरों की खिंचाई
बैठक के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक कुल 44,974 बच्चों का ही नामांकन हो सका है। 3 से 6 वर्ष के बच्चों के कम दाखिलों पर भड़के जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आदेश दिया कि 3 से 6 वर्ष के सभी बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकरण कराया जाए। 5 से 6 वर्ष के बच्चों का प्राथमिक विद्यालयों में अनिवार्य नामांकन सुनिश्चित हो। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालयों में खाली पड़ी सीटों को जल्द से जल्द भरा जाए।
पीएम श्री स्कूलों के सघन निरीक्षण के लिए बनेगी टीम
जिलाधिकारी ने पीएम श्री स्कूल, मुख्यमंत्री मॉडल एवं अभ्युदय कंपोजिट विद्यालयों के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि जो निर्माण कार्य पूरे हो चुके हैं, उन्हें तुरंत विभाग को हैंडओवर किया जाए और अधूरे कार्यों में तेजी लाई जाए। पीएम श्री स्कूलों की हकीकत जानने के लिए उन्होंने एक विशेष टीम गठित कर सघन निरीक्षण कराने और रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं। साथ ही कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का भी रूटीन चेकिंग करने को कहा गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में डीसी मनरेगा संदीप सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) शैलेश कुमार सहित जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारी और संबंधित विभागों के आला अफसर मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान

