Lucknow News: बाढ़ की आशंका के बीच DM ने किया दौरा, बचाव दल को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश

Sandesh Wahak Digital Desk: राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश से कई इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। इसी खतरे को देखते हुए सोमवार को जिलाधिकारी विशाख जी ने बीकेटी तहसील के बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया। उन्होंने हालात का जायजा लेते हुए बचाव और राहत कार्यों के लिए तुरंत निर्देश जारी किए।

बचाव दल और मेडिकल टीम को अलर्ट पर रहने का निर्देश

जिलाधिकारी ने लासा, अंगड़िया कला, सुल्तानपुर, बहादुरपुर और शिवपुरी जैसे गांवों का दौरा किया। उन्होंने बताया कि नदी का जलस्तर शाम तक बढ़ सकता है, इसलिए तुरंत नाव, नाविक, गोताखोर और मोटरबोट की व्यवस्था की जाए। इसके साथ ही रात में रोशनी के लिए पेट्रोमेक्स और मेडिकल इमरजेंसी के लिए एंटी-स्नेक वेनम जैसी जरूरी दवाइयां उपलब्ध कराने के आदेश दिए गए हैं।

राशन और पशुओं के चारे की भी व्यवस्था

निरीक्षण के दौरान, जिलाधिकारी ने राशन वितरण की स्थिति की भी जानकारी ली और खाद्यान्न की कमी न होने की हिदायत दी। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को जानवरों के लिए चारा और भूसा उपलब्ध कराने के लिए कैंप लगाने का निर्देश दिया।

24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश

डीएम ने तहसीलदार बीकेटी को सभी प्रभावित गांवों में 24 घंटे का कंट्रोल रूम स्थापित करने का आदेश दिया है। इस कंट्रोल रूम में कानूनगो, लेखपाल, डॉक्टर और वेटनरी डॉक्टर सहित अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। प्रशासन की यह तैयारी संभावित बाढ़ की चुनौती से निपटने में महत्वपूर्ण साबित होगी।

 

Also Read: Lucknow News: सपा छात्र सभा का हंगामा, गिरफ्तारी पर पुलिस से हुई झड़प

Get real time updates directly on you device, subscribe now.