Mouth Ulcers को न करें नजरअंदाज, हो सकते हैं ओरल कैंसर के संकेत
Sandesh Wahak Digital Desk: अगर आप ज्यादा मसालेदार भोजन करते हैं या अक्सर पेट खराब रहता है तो मुंह में छाले (Mouth Ulcers) होना आम बात मानी जाती है। आमतौर पर ये छाले कुछ दिनों में अपने आप ठीक भी हो जाते हैं, लेकिन जब यही समस्या बार-बार सामने आने लगे तो इसे हल्के में लेना सही नहीं है। लगातार होने वाले छाले शरीर के भीतर किसी गंभीर परेशानी की ओर इशारा कर सकते हैं।
क्यों खतरनाक है Mouth Ulcers?
कई बार मुंह में छाले होने (Mouth Ulcers) के पीछे कई वजहें हो सकती हैं। जिनमें सबसे आम कारण शरीर में फोलिक एसिड या आयरन की कमी मानी जाती है। इसके अलावा पेट की गड़बड़ी और लगातार मसालेदार भोजन करने से भी छाले (Mouth Ulcers) हो सकते हैं। वहीं कुछ लोगों को तीन-चार महीने में एक-दो बार छाले होते हैं और वे खुद ही ठीक हो जाते हैं, लेकिन अगर कुछ ही दिनों के अंतर पर बार-बार छाले (Mouth Ulcers) निकल रहे हैं और ठीक होने के बाद फिर लौट आते हैं, तो यह सामान्य नहीं माना जाता।
डॉक्टरों के मुताबिक अगर किसी व्यक्ति को हर महीने लगातार छाले हो रहे हों और उनके साथ मुंह से हल्का खून आ रहा हो या वजन कम हो रहा हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अगर मुंह में कोई एक छाला (Mouth Ulcers) महीनों से ठीक नहीं हो रहा है, तो यह भी खतरनाक संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में ओरल कैंसर का खतरा हो सकता है।
अन्य बीमारियों से भी हो सकता है संबंध
वहीं बार-बार होने वाले मुंह के छाले (Mouth Ulcers) सिर्फ कैंसर ही नहीं, बल्कि आंतों की बीमारी, थायरॉयड या शुगर जैसी समस्याओं की वजह से भी हो सकते हैं। कुछ मामलों में एचआईवी वायरस में भी ऐसे लक्षण देखने को मिलते हैं, हालांकि हर व्यक्ति में ऐसा हो, यह जरूरी नहीं है।
वहीं जो लोग धूम्रपान या तंबाकू का सेवन करते हैं, डायबिटीज के मरीज हैं, विटामिन बी12 की कमी से जूझ रहे हैं, जिनको अक्सर पेट की गड़बड़ी रहती है या जो बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन करते हैं, उनमें मुंह के छाले (Mouth Ulcers) बार-बार होने का खतरा ज्यादा देखा जाता है।
कैसे करें बचाव?
आपको बताते चलें कि, मुंह के छालों (Mouth Ulcers) से बचने के लिए सबसे पहले विटामिन बी12 की जांच करानी चाहिए और कमी होने पर डॉक्टर की सलाह से दवाएं लेनी चाहिए। तंबाकू का सेवन पूरी तरह बंद करना जरूरी है। ज्यादा मसालेदार भोजन से परहेज करना और ओरल हाइजीन का पूरा ध्यान रखना भी इस समस्या से बचाव में मददगार हो सकता है।
वहीं अगर मुंह में छाले (Mouth Ulcers) बार-बार हो रहे हैं या उन्हें ठीक होने में सामान्य से ज्यादा समय लग रहा है, तो बिना देर किए ईएनटी स्पेशलिस्ट या डेंटिस्ट से जांच कराना जरूरी है। समय पर जांच और सही इलाज से बड़ी बीमारी के खतरे को टाला जा सकता है।
Also Read: बलरामपुर: हिस्ट्रीशीटर की दबंगई, मृतक ग्रामीण के नाम पर जंगल से काट ले गया बेशकीमती पेड़

