Gonda News: धरती के भगवान ने छीन ली मासूम की आंख की रोशनी, पीड़ित ने कोतवाली में दी तहरीर
जीवनदीप हॉस्पिटल का मामला, दाईं के बजाय बाईं आंख का कर दिया ऑपरेशन
Sandesh Wahak Digital Desk: धरती का भगवान कहे जाने वाले एक डॉक्टर की बड़ी लापरवाही और संवेदनहीनता का मामला सामने आया है। आरोप है कि शहर में स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल के डॉक्टर ने एक सात साल के मासूम बच्चे की आंख की रोशनी छीन ली।
गोण्डा के कर्बला रोड स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल के डॉक्टर पीके श्रीवास्तव पर एक सात साल के मासूम बच्चे की आंख की रोशनी छीन लेने का गंभीर आरोप लगाया गया है। आरोप है कि डॉक्टर श्रीवास्तव ने पांच साल के बच्चे की गलत आंख का ऑपरेशन कर दिया।
जिले के नवाबगंज के मोहल्ला संचरही निवासी मोहम्मद वसीम ने नगर कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि उसने अपने 7 साल के बेटे को कर्बला रोड स्थित जीवनदीप हॉस्पिटल में दिखाने के लिए 1 फरवरी को ले गया था। इलाज के दौरान डॉक्टर पीके श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि लड़के की दाईं आंख में दिक्कत है। ऑपरेशन करना पड़ेगा।

डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप
आरोप है कि डॉक्टर पीके श्रीवास्तव द्वारा लापरवाही पूर्वक ऑपरेशन किया गया। जिससे बच्चे की दाईं आंख की जगह बाईं आंख का ऑपरेशन कर दिया। इससे उसके मासूम बेटे की दोनों आंखों में दिक्कत आ गयी। डॉक्टर की लापरवाही ने उसके मासूम बेटे की आंखों की रोशनी छीन ली। पीड़ित का कहना है कि बच्चे की दाईं आंख का ऑपरेशन करना था लेकिन जब बच्चा ऑपरेशन थियेटर से बाहर आया तो उसकी बाईं आंख पर पट्टी बंधी थी। डॉक्टर द्वारा आंख की इस सर्जरी के 25 हजार रुपये भी ले लिए गए।

इस घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा खड़ा कर दिया। मामला बढ़ने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और पीड़ित की शिकायत ली। पीड़ित द्वारा इस मामले की शिकायत नगर कोतवाली में करते हुए जीवनदीप अस्पताल व डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गयी है। इस संबंध में कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्रा ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच की जा रही है। जांचोपरांत कार्रवाई की जाएगी।
Also Read: Lucknow News: आलोक नाथ और श्रेयस तलपड़े पर धोखाधड़ी का आरोप, लखनऊ में FIR दर्ज

