ट्रंप का ईरान पर बड़ा हमला, बोले- खामेनेई का दौर अब खत्म, ईरान को नए नेतृत्व की जरूरत
Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान में चल रहे सरकार विरोधी प्रदर्शनों और गहराते मानवीय संकट के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बेहद सख्त रुख अपनाया है। ट्रंप ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के दशकों पुराने शासन को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि ईरान एक नया और बेहतर नेतृत्व चुने।
ईरान में हफ्तों से जारी विरोध प्रदर्शनों का समर्थन करते हुए ट्रंप ने कहा कि ईरानी सरकार राजनीतिक दमन और हिंसा के दम पर सत्ता में बनी हुई है। ट्रंप ने हाल ही में होने वाली कथित सामूहिक फांसियों का जिक्र करते हुए तंज कसा, उन्होंने (ईरानी नेतृत्व) जो सबसे अच्छा फैसला लिया, वह यह था कि दो दिन पहले 800 से ज्यादा लोगों को फांसी नहीं दी।
ट्रंप ने अयातुल्ला खामेनेई को आड़े हाथों लेते हुए उन्हें बीमार व्यक्ति बताया और आरोप लगाया कि उनके शासन ने ईरान को दुनिया में रहने के लिए सबसे खराब जगहों में से एक बना दिया है। ट्रंप ने जोर देकर कहा कि असली नेतृत्व सम्मान से मिलता है, लोगों को मारकर या डराकर नहीं।
खामेनेई का पलटवार, ट्रंप को बताया अपराधी
दूसरी ओर, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने इन विरोध प्रदर्शनों को अमेरिका और इजरायल की साजिश करार दिया है। खामेनेई ने दावा किया कि ईरान ने एक बार फिर विदेशी ताकतों द्वारा भड़काई गई बगावत को कुचल दिया है।
उन्होंने सीधे तौर पर ट्रंप पर निशाना साधते हुए उन्हें अपराधी कहा और आरोप लगाया कि अमेरिकी राष्ट्रपति व्यक्तिगत रूप से दंगाइयों को उकसा रहे हैं। खामेनेई ने चेतावनी दी कि ईरान युद्ध नहीं चाहता, लेकिन देश की शांति भंग करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी।
Also Read: Lucknow News: बम की सूचना पर लखनऊ में इंडिगो विमान की इमरजेंसी लैंडिंग, बाल-बाल बचे 238 यात्री

