ट्रंप ने मैक्रों और नाटो प्रमुख के निजी संदेश सार्वजनिक कर मचाया हड़कंप, बोले- ताकत से ही आएगी दुनिया में शांति
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर अपने पुराने अंदाज में लौट आए हैं। इस बार उनके निशाने पर ग्रीनलैंड है और वे इसे किसी भी कीमत पर हासिल करने की जिद पर अड़े हैं। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर कई पोस्ट साझा किए हैं, जिनमें उन्होंने यूरोपीय नेताओं के साथ हुई अपनी निजी बातचीत के स्क्रीनशॉट सार्वजनिक कर पूरी दुनिया में हलचल मचा दी है।
ट्रंप ने साफ कर दिया है कि ग्रीनलैंड केवल जमीन का टुकड़ा नहीं, बल्कि अमेरिका और दुनिया की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने लिखा, नाटो महासचिव मार्क रुट्टे से मेरी अच्छी बात हुई है। ग्रीनलैंड पर अब पीछे हटने का कोई सवाल ही नहीं उठता और इस बात पर सब सहमत हैं। ट्रंप ने आगे अपनी सैन्य ताकत का बखान करते हुए कहा कि अमेरिका दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश है और वह ताकत के जरिए शांति (Peace through strength) स्थापित करने की क्षमता रखता है।
ट्रंप ने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के एक निजी टेक्स्ट मैसेज का स्क्रीनशॉट भी शेयर किया। इस मैसेज में मैक्रों ने सीरिया और ईरान पर तो ट्रंप की तारीफ की, लेकिन ग्रीनलैंड को लेकर अपनी उलझन भी जाहिर की। मैक्रों ने लिखा, हम सीरिया और ईरान पर सहमत हैं, लेकिन मुझे समझ नहीं आ रहा कि आप ग्रीनलैंड पर क्या कर रहे हैं?
मैक्रों ने बातचीत का रास्ता निकालने के लिए ट्रंप को पेरिस में डिनर और G7 देशों की एक विशेष बैठक का प्रस्ताव भी दिया है। चौंकाने वाली बात यह है कि फ्रांसीसी सूत्रों ने इस मैसेज के असली होने की पुष्टि कर दी है।
नाटो प्रमुख ने भी बांधे तारीफों के पुल
ट्रंप द्वारा साझा किए गए एक और स्क्रीनशॉट में नाटो महासचिव मार्क रुट्टे उनकी प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं। रुट्टे ने सीरिया और गाजा में ट्रंप के प्रयासों को अविश्वसनीय बताया और कहा कि वे ग्रीनलैंड के मुद्दे पर कोई रास्ता खोजने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
Also Read: Lucknow News: मणिकर्णिका घाट पर तोड़फोड़ के खिलाफ AAP का हल्लाबोल, पुलिस के साथ तीखी झड़प

