वेनेजुएला पर फिर गरजे Donald Trump, दोबारा सैन्य हमले की दी खुली चेतावनी

Sandesh Wahak  Digital Desk: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने वेनेजुएला को लेकर एक बार फिर बेहद सख्त रुख अपनाते हुए दोबारा सैन्य कार्रवाई की खुली चेतावनी दी है। ट्रंप ने साफ कहा है कि अगर वेनेजुएला की अंतरिम सरकार अमेरिका की शर्तें नहीं मानती है, तो अमेरिका दूसरी बार सैन्य हमला करने से पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिका इस वक्त वहां के हालात पर पूरी तरह ‘काबू’ बनाए हुए है और जरूरत पड़ी तो वेनेजुएला को “ठीक करने” के लिए दोबारा कार्रवाई की जाएगी।

अब हालात हमारे कंट्रोल में है- ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने दावा किया कि राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हिरासत में लेने के बाद अमेरिका की स्थिति पहले से कहीं ज्यादा मजबूत हो गई है। उन्होंने कहा कि अब ज़मीनी हालात पर अमेरिका का प्रभाव है और वेनेजुएला में हालात उनके कंट्रोल में हैं। हालांकि उन्होंने यह भी जोड़ा कि वहां कौन जिम्मेदार है, इस सवाल पर वे कुछ नहीं कहना चाहते क्योंकि उनका जवाब विवाद खड़ा कर सकता है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने यह स्पष्ट कर दिया कि अमेरिका हालात को नियंत्रित कर रहा है।

ट्रंप (Donald Trump) ने यह भी खुलासा किया कि अमेरिका दूसरी सैन्य कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार था। उनके मुताबिक, दूसरे हमले को लेकर सारी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और सब कुछ तय था। हालांकि फिलहाल अमेरिका को लगता है कि इसकी जरूरत नहीं पड़ेगी, लेकिन उन्होंने यह भी साफ किया कि अगर हालात नहीं सुधरे तो दूसरा हमला एक विकल्प के तौर पर बना रहेगा।

ऑपरेशन में क्षतिग्रस्त हुआ हेलिकॉप्टर

सैन्य ऑपरेशन को लेकर ट्रंप ने बताया कि कार्रवाई के दौरान अमेरिका का एक हेलिकॉप्टर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया था। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस ऑपरेशन में सभी अमेरिकी सैनिक सुरक्षित हैं और किसी की मौत नहीं हुई है। ट्रंप के अनुसार, जो सैनिक घायल हुए थे, उनकी हालत भी अब ठीक बताई जा रही है।

डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने वेनेजुएला को इस वक्त एक “मरा हुआ देश” करार दिया। उन्होंने कहा कि वर्षों की गलत नीतियों और खराब शासन व्यवस्था ने वेनेजुएला को पूरी तरह तबाह कर दिया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वहां तेल उत्पादन बेहद कम स्तर पर पहुंच गया है और अमेरिका को वेनेजुएला के तेल व अन्य संसाधनों तक पूरी पहुंच चाहिए।

ईरान को भी दी सख्त चेतावनी

वेनेजुएला के साथ-साथ ट्रंप ने ईरान को लेकर भी सख्त रुख दिखाया है। उन्होंने ट्रुथ सोशल पर एक पोस्ट के जरिए ईरान में प्रदर्शन कर रहे लोगों को मदद का भरोसा दिया। साथ ही चेतावनी दी कि अगर ईरान ने पहले की तरह प्रदर्शनकारियों की हत्या की तो अमेरिका कड़ा जवाब देगा।

अमेरिकी राष्ट्रपति (Donald Trump) ने यह भी कहा कि वेनेजुएला के तेल ढांचे को दोबारा खड़ा करने के लिए बड़े निवेश की जरूरत है। ट्रंप का दावा है कि अमेरिकी तेल कंपनियां इसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वेनेजुएला का तेल ढांचा पहले अमेरिकी कंपनियों ने ही बनाया था, जिसे बाद में उनसे छीन लिया गया।

कैरेबियन में 15 हजार अमेरिकी सैनिक तैनात

ब्रिटिश अखबार गार्जियन की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका ने कैरेबियन क्षेत्र में करीब 15 हजार सैनिक तैनात कर रखे हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज अमेरिका की मांगें नहीं मानती हैं, तो अमेरिका दोबारा हस्तक्षेप कर सकता है। इस पूरे घटनाक्रम से यह साफ है कि वेनेजुएला को लेकर अमेरिका का रुख आने वाले दिनों में और भी आक्रामक हो सकता है।

 

Also Read: ​यूपी एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: सुल्तानपुर मुठभेड़ में लखीमपुर का इनामी बदमाश ढेर

Get real time updates directly on you device, subscribe now.