डोनाल्ड ट्रंप ने गाजा पर मुस्लिम देशों के नेताओं के साथ की बैठक, बोले- आज की सबसे अहम मुलाकात
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा से इतर गाजा में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए मुस्लिम देशों के चुनिंदा नेताओं के साथ एक अहम बैठक की। इस बैठक में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी शामिल थे।
युद्ध खत्म करना मेरी सबसे बड़ी प्राथमिकता
इस बहुपक्षीय बैठक की शुरुआत में डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि यह उनके लिए आज की सबसे महत्वपूर्ण बैठक है। उन्होंने कहा, मैंने कई महत्वपूर्ण बैठकें की हैं, लेकिन यह मेरे लिए सबसे ज्यादा मायने रखती है, क्योंकि हम एक ऐसे युद्ध को समाप्त करना चाहते हैं, जो शायद आपने शुरू नहीं किया। हम गाजा में युद्ध समाप्त करने जा रहे हैं।
इस दौरान कतर के अमीर शेख तमीम ने गाजा मुद्दे पर बैठक आयोजित करने के लिए ट्रंप का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि अरब नेता इस संघर्ष को खत्म करने के लिए ट्रंप की लीडरशिप पर भरोसा कर रहे हैं। शेख तमीम ने कहा, हम यहां सिर्फ इसलिए हैं ताकि युद्ध रोका जा सके और बंधकों को वापस लाया जा सके। हम इस युद्ध को समाप्त करने और गाजा के लोगों की मदद के लिए आप पर भरोसा करते हैं।
इस बैठक से पहले संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपने संबोधन के दौरान डोनाल्ड ट्रंप ने सीधे तौर पर हमास को दोषी ठहराया था। उन्होंने कहा था कि हमास ने शांति के कई प्रस्तावों को ठुकरा दिया है। उन्होंने फिलिस्तीन को मान्यता देने वाले देशों की भी आलोचना की और कहा कि यह हमास के लिए एक बहुत बड़ा इनाम होगा।
Also Read: गुमला में सुरक्षा बलों और पुलिस के साथ मुठभेड़ में 3 नक्सली ढेर, 10 लाख के इनामी भी शामिल

